उत्तर भारत में ठंड का कहर, 25 ट्रेनें लेट, 2 कैंसिल, ठिठुरन बढ़ी
उत्तराखंड में बर्फबारी होने के कारण उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शीत लहर के कारण बुधवार को ठंड में बढ़ोतरी हुई।
लखनऊ। पूरा उत्तर भारत इस समय घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में हैं, कोहरे के कारण दिल्ली से चलने वाली 25 ट्रेनें लेट चल रही हैं और 2 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, तो वहीं यूपी कई हिस्सों में कोहरा छाया हुआ है।

उत्तर भारत के लगभग सभी शहर ठंड की चपेट में है। जम्मू एवं कश्मीर के लेह और लद्दाख इलाके में रात में तापमान शून्य से 17.7 डिग्री नीचे चला गया, जबकि जम्मू में तापमान शून्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
तापमान शून्य से नीचे
हिमाचल प्रदेश के मनाली, लाहौल-स्पीति जिले में, हरियाणा के नारनौल में, राजस्थान के चुरु और माउंट आबू में, उत्तराखंड के नैनीताल मसूरी और हरिद्वार में और देश के कुछ अन्य शहरों में तापमान गुरूवार को शून्य से नीचे ही रहा।
उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी
उत्तराखंड के कई इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद यहां शीतलहर का प्रकोप जारी है और अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य से कम हो गया है।
15 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल
पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में बर्फबारी होने के कारण उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शीत लहर के कारण बुधवार को ठंड में बढ़ोतरी हुई। लखनऊ के सुबह के तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। ठंड के कारण सभी स्कूलों को राजधानी में 15 जनवरी तक बंद रखने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications