Lok Sabha Mein Aaj Kya Hua: लोकसभा सत्र के पहले दिन क्या-क्या हुआ? सांसदों ने ली शपथ, विपक्ष ने NDA को घेरा
Parliament Session 2024 Updates: लोकसभा चुनाव 2024 के बाद देश की 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून (सोमवार) से शुरू हुआ। पहले दिन प्रधानमंत्री, मंत्रियों समेत 280 सांसदों ने पद की शपथ ली।
लोकसभा की कार्यवाही 25 जून 11 बजे तक के लिए स्थगित की गई है। 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का भी चुनाव होगा। अगले दिन 27 जून को राष्ट्रपति मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। लोकसभा के पहले सत्र का समापन 3 जुलाई को होगा।

विपक्ष ने एनडीए पर साधा निधाना
पहले दिन इंडिया गठबंधन के सांसदों ने जबरदस्त एकजुटता दिखाई। एक साथ लोकसभा में प्रवेश किया और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर नीट परीक्षा विवाद, पेपर लीक मुद्दा, प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब की नियुक्ति और हाल ही हुई रेल दुर्घटना सहित विभिन्न मुद्दों पर निशाना साधा।
इन 3 सांसदों ने नहीं ली शपथ
लोकसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस सांसद के सुरेश, डीएमके के केटी आर बालू और तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय ने शपथ नहीं ली। दरअसल, ये तीनों ही सांसद प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब के चुनाव से खुश नहीं थे। तीनों उनके निर्वाचन पर आपत्ति जताई।
पीएम नरेंद्र मोदी ने क्या कहा?
18वीं लोकसभा के पहले सत्र में पीएम नरेंद्र मोदी ने सदन के नेता के रूप शपथ ली और कहा कि आज वैभव का दिन है, क्योंकि आजादी के बाद सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह पहली बार नए संसद भवन में हो रहा है।
पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए की लगातार तीसरी जीत पर कहा कि इस महाविजय से हमारी जिम्मेदारी तीन गुना बढ़ गई है। तीसरे कार्यकाल में हम तीन गुना अधिक मेहनत करेंगे और हमें तीन गुना अधिक परिणाम मिलेंगे।
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी क्या बोलीं?
- कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने संसद में नीट का मामला उठाते हुए कहा कि इससे बहुत से माता-पिता के पैसे बर्बाद हो गए।
- जब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शपथ ले रहे थे। तब विपक्षी सदस्यों ने नीट परीक्षा को लेकर नारेबाजी की।
- कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।
खड़गे ने बताया देश में अघोषित आपातकाल
वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को अघोषित आपातकाल बताया। 25 जून को देश के लोकतंत्र पर काला धब्बा लगाया गया था, लेकिन अब कोई आपातकाल लगाने की हिम्मत नहीं करेगा।
राहुल गांधी ने वायनाड सीट से दिया इस्तीफा
लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने केरल के वायनाड व उत्तर प्रदेश रायबरेली से चुनाव जीता। लोकसभा के पहले सत्र में राहुल गांधी ने वायनाड से इस्तीफा दिया, जिसे मंजूर कर लिय गया। अब वे रायबरेली से सांसद बने रहेंगे।
ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे अमराराम
राजस्थान के सीकर से माकपा (इंडिया गठबंधन) सांसद अमराराम ट्रैक्टर पर सवार होकर लोकसभा पहुंचे। अमराराम राजस्थान हाउस में ठहरे हुए थे। यहां से ट्रैक्टर पर बैठकर लोकसभा के मुख्य दरवाजे तक गए। ट्रैक्टर की सवारी पर अमराराम बोले कि ट्रैक्टर किसानों का प्रतीक है। वे किसानों की आवाज उठाने आए हैं। किसान आंदोलन में मोदी सरकार ने किसानों के ट्रैक्टरों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया था। अब वे किसानों की ओर से आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications