हैदराबाद में महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ी, खंडित मूर्ति देख लोगों में गुस्सा
हैदराबाद में एक बार फिर से शरारती तत्वों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को निशाना बनाया है। यहां कुकटपल्ली इलके में स्थित प्रगति झील के पास स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को कुछ शरारती तत्वों ने तोड़ दिया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी रोष है। बाचुपल्ली पुलिस ने कहा हम मामले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को पकड़ लिया जाएगा। बता दें कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमे देखा जा सकता है कि महात्मा गांधी की प्रतिमा से उनका सिर टूटकर चबूतरे पर गिरा है।

बता दें कि इसी तरह की घटना दिवाली की रात भी सामने आई थी, जब बोवेनपल्ली इलाके में गांधी जी की प्रतिमा पर कुछ बच्चे पटाखा फोड़ते नजर आए। इस घटना का वीडियो सामने आया था, जिसमे बच्चे गांधी जी की प्रतिमा के मुंह में पटाखा फोड़ रहे थे। हालांकि पुलिस ने सभी बच्चों की पहचान कर ली थी, लेकिन ये सभी नाबालिग थे।
घटना के बाद स्थानीय नेता ने बच्चों से महात्मा गांधी के सामने माफी मंगवाई और प्रतिमा पर माल्यार्पण कराया। इसका भी वीडियो सामने आया, जिसमे बच्चे कह रहे हैं कि अब वो भविष्य में ऐसा नहीं करेंगे। बच्चों के माता-पिता ने भी इस घटना पर माफी मांगते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में इस तरह की घटना ना हो, ऐसा वो सुनिश्चित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications