हिमाचल: तीसरी आंख के पहरे में दो लाख छात्र-छात्राएं देंगे बोर्ड परीक्षा
शिमला। मंगलवार से शुरू होने जा रही हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की सालाना परिक्षाओं के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार करीब दो लाख छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा देंगे। इसके लिए दस हजार कर्मचारी अपनी सेवायें देंगे। वहीं नकल रोकने के लिए उड़नदस्तों के अलावा तीसरी आंख का भी पहरा होगा।

बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश भर में करीब 1915 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। 1915 परीक्षा केन्द्रों पर करीब दस हजार कर्मचारी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से ड्यूटी के लिए तैनात किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में अधीक्षक, उपाधीक्षक समेत अन्य परीक्षा निरीक्षक की ड्यूटी लगेगी। साथ ही वार्षिक परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए उड़नदस्तों का भी गठन किया गया है।
जानकारी के मुताबिक इस साल 109782 छात्र 10वीं की परीक्षा देंगे, वहीं 12वीं की परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या 98302 है। राज्य मुक्त विद्यालय एसओएस में 10वीं के 8535, जमा-2 में 15304 परीक्षार्थी, 8वीं में 306 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। 1915 परीक्षा केंद्रों की स्थापना की गई है। प्रदेश में नकल रोकने के लिए एसडीएम, शिक्षा विभाग, प्राध्यापक-अध्यापकों की टीम और स्कूल शिक्षा बोर्ड की गठित टीमें हर केंद्र का औचक निरीक्षण करेंगी। वहीं प्रत्येक सब डिवीजन में कम से कम 3 उड़नदस्तों का गठन किया गया है।
वहीं परीक्षाओं में तीसरी आंख परीक्षा केंद्र में काम कर रही है या नहीं, यह जानने के लिए बोर्ड की टीम परीक्षा केंद्रों में भी दस्तक देगी। करीब 200 से अधिक परीक्षा केंद्रों में तीसरी आंख का पहरा नकल रोकने को लेकर इस बार रहेगा। हालांकि पिछले वर्ष हुई वार्षिक परीक्षाओं में 100 परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन कुछ केंद्रों में ऑनलाइन रिकार्डिंग नहीं हो पाई थी।
इस बीच बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सीएम जयराम ने सभी छात्रों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने छात्रों को संदेश देते हुए लिखा है, बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं सभी बच्चों को मेरी ओर से ढेर सारी शुभकामनाएं। मैं आशा करता हूँ कि आप सभी बिना किसी भय और दबाव के अपनी परीक्षा में भाग लेंगे। सफलता आपके क़दम चूमे और आप प्रदेश एवं देश का नाम रौशन करें।












Click it and Unblock the Notifications