हिमाचल: शिमला-कालका हेरिटेज रेल ट्रैक पर हुआ भूस्खलन, बड़ा हादसा टला
शिमला, 04 अगस्त: हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को भूस्खलन के बाद शिमला-कालका हेरिटेज रेल ट्रैक पर ट्रेन की आवाजाही बाधित हो गई। गुरुवार दोपहर पहाड़ी से अचानक बड़ी-बड़ी चट्टानें रेल ट्रैक पर गिरने लगी। इसी दौरान इस ट्रैक पर शिवालिक ट्रेन आ रही थी। ट्रेक पर पत्थरों को गिरता देख चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दी। इससे ट्रेन में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई। मलबा गिरने से कालका-शिमला ट्रैक की सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 50 से अधिक यात्रियों को लेकर एक ट्रेन जब सोलन जिले के पट्टा मोड़ के पास पहुंची तो एक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे। चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ये भूस्खलन कई दिनों से हो रही बारिश के चलते हुआ। रेल ट्रैक पर भूस्खलन होने के बाद शिमला कालका रेलवे ने आगामी रेल संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी है।
ट्रैक पर गिरे बड़े पत्थरों को हटाने का काम जारी है। ट्रैक खुलने के ट्रेन का आवाजाही फिर से शुरू होगी। वहीं ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को बसों से रवाना किया गया है। शिमला में भारी बारिश के बाद भूस्खलन शुरू हो गया है। शहर के टूटू की बंगाली कॉलोनी में कई मकानों को खतरा पैदा हो गया है। राज्य में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है।
वहीं मंडी जिले में कमांद के पास भूस्खलन होने से मंडी-कटौला सड़क मार्ग बंद हो गया है। मंडी-कुल्लू सड़क मार्ग भी सात मील के पास मलबा गिरने से बंद हो गया है। कुल्लू से मनाली का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। राज्य में खराब मौसम के कारण नदियां उफान पर हैं और लगातार भूस्खलन की खबरें सामने आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications