Himachal Weather: बारिश ने हिमाचल में जमकर बरपाया कहर, IMD ने जारी किया 6 जुलाई तक अलर्ट
Himachal Weather News: मानसून के एक्टिव होते ही बारिश ने हिमाचल प्रदेश में भारी तबाही मचाई है। बारिश की वजह से प्रदेश में 20 लोगों की मौत हो गई और 43 लोग घायल हो गए। इतना ही नहीं, कच्चे और पक्के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं, 322 पशुधन के साथ 200 करोड़ रुपए से ज्यादा के नुकसान का भी अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक शिमला संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई है जबकि राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई है। पालमपुर में 41 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद स्लैपर में 48 मिमी बारिश दर्ज़ की गई। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री नीचे आया है और न्यूनतम तापमान सामान्य श्रेणी में बना हुआ है। IMD वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा की मानें तो हिमाचल प्रदेश में 6 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 6 दिनों में प्रदेश के अंदर 9 भूस्खलन, एक बादल फटने और 6 बाढ़ की घटनाएं दर्ज की गई है।
वहीं, बारिश और भूस्खलन की वजह से प्रदेश में बंद हुई 301 सड़कों को खोलने के लिए प्रशासन लगा हुआ है। बिजली सेवा को बहाल करने और जल परियोजनाओं को ठीक करने भी प्रशासन लगा हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, 30 जून तक हिमाचल प्रदेश में 47 सड़कें अभी भी बंद पड़ी है।
बंद पड़ी सड़कों में सबसे ज्यादा सड़कें मंडी जिले की है। मंडी में 29 सड़क मार्ग बंद पड़े हैं। वही चंबा में सात, कांगड़ा में एक, कुल्लू में दो, लाहौल स्पीति में एक, शिमला में पांच और सिरमौर में दो सड़क मार्ग बंद पड़े हैं। वहीं, अगर बिजली सेवा की बात की जाए तो प्रदेश में 149 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं।
सबडिवीजन चंबा में 17, डलहौजी में 38 और पांगी में 78 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। जिस वजह से चंबा का अधिकतर क्षेत्र अंधेरे में है। कुल्लू में 13, मंडी में एक और शिमला में एक ट्रांसफार्मर बंद पड़ा है। बात अगर जल परियोजना की की जाए तो हिमाचल प्रदेश में 67 पानी की सप्लाई की योजनाएं अभी भी बंद पड़ी है। जिसमें सबसे ज्यादा राजधानी शिमला में बंद है।
राजधानी शिमला के ठियोग में 34, रामपुर में 4, चौपाल में पांच और कुपवी में पांच पानी की योजनाएं बंद पड़ी है। इसके बाद चंबा में 15 और लाहौल स्पीति में चार पानी की योजनाएं ठप पड़ी है। प्रशासन लगातार हालात को सामान्य करने में जुटा हुआ है। सड़क मार्गों को बहाल करने पानी और बिजली की सेवा को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications