यहां पहाड़ियों पर लग रही आग, दहक रहा जंगल, बारिश न हुई तो सेब की खेती भी बच पाना मुश्किल
शिमला। हिमालय के अंचल वाले प्रदेश यानी हिमाचल प्रदेश में भी सूखा व्याप्त है। यहां उूपरी हिस्सों पर खूब बर्फ है, लेकिन शिमला ज़िले की ठियोग नगरपालिका ऐसा इलाका है जहां पहाड़ियों पर आए रोज आग लग रही है। पानी न मिलने से यहां उगने वाली तरकारियां सूख रही हैं। वहीं, आग से पशु-पक्षियों का जीवन भी खतरे में है।

हिमाचल प्रदेश राज्य के शिमला ज़िले में स्थित ठियोग नगर व नगरपालिका के अंतर्गत क्यार्टु पंचायत के गांव जाखोड़ के आस-पास कई दिनों से जंगल और घासनियों में आग लगी है। जिसके चलते किसानों द्वारा लगाई गई पानी की प्लास्टिक की पाइपें और पशुचारा बड़ी मात्रा में जल चुका है। लोगों को पशु चारे को बचाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। जिनके खेतों में मटर, गेहूं, गोभी, फ्रांस बीन आदि की फसलें हैं, वे पानी के अभाव में सूख रही हैं।

पंचायत प्रधान अनिता चंदेल का कहना है कि, कुछ स्थानों पर पानी न मिलने से आग का फैलाव बढ़ रहा है। जखोड़ में बेहद सूखे के चलते आग भड़की है, जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। बचाव के लिए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई गई है। उन्होंने कहा कि, यहां घासनियों और जंगलों में आग लगने की लगातार घटनाएं हो रही हैं। जिसके चलते उन इलाकों में किसानों ने अपनी तैयार फूलगोभी की नर्सरी को छोड़ दिया है।

वहीं, कुछ क्षेत्रों में खेतों में नमी न होने के कारण तैयार नर्सरी को रोपा नहीं जा सका है। नगर पालिका भी इससे अवगत है कि, पेयजल स्रोतों में लगातार घटता जलस्तर चिंता का विषय है। यहां बड़ी मात्रा में सेब की पैदावार होती थी। इन दिनों भी निचले और मध्यम इलाकों में सेब के पौधों से ड्रॉपिंग होने लगी है। यदि पानी का पर्याप्त इंतजाम या बारिश न हुई तो स्थिति और खराब हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications