हिमाचल: भूस्खलन की चपेट में आने से सिरमौर में चार बच्चों समेत पांच की मौत, एक घायल
सिरमौर, 26 सितंबर: भूस्खलन के कारण हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रविवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। यहां चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत भूस्खलन के मलवे में दबने से हो गई। जबकि, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, सिरमौर जिले के रास्त पंचायत के राकसोड़ी (खिजराड़ी) गांव रविवार को एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। ह हादसा उस वक्त हुआ, जब एक ही परिवार के सभी सदस्य घर गहरी नींद में सो रहे थे। लोगों की मानें तो हादसा देर रात हुआ, लिहाजा किसी को भी इसकी भनक नहीं लगी। सुबह एक स्थानीय व्यक्ति जब वहां से गुजर रहा था तो उसे चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद उसने गांव के अन्य लोगों को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि ममता (27) पत्नी प्रदीप सिंह, इशिता (8) पुत्री प्रदीप सिंह, ऐरंग (2) पुत्री प्रदीप सिंह और आकांशिका (7) पुत्री तुलसी राम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, अलीशा (6) पुत्री प्रदीप सिंह और प्रदीप सिंह (30) पुत्र दोलतराम को बाहर निकाल लिया गया था। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अलीशा ने दम तोड़ दिया।
वहीं, प्रदीप सिंह का इलाज चल रहा है। बता दें कि अकांशिका प्रदीप की भांजी है, जो मामा के घर आई हुई थी। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने बताया कि मामला दर्ज करके मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। हादसे में घायल एक व्यक्ति की हालत फ़िलहाल स्थिर बनी हुई है। इस दर्दनाक हादसे के लिए सीएम जयराम ठाकुर ने गहरा शोक प्रकट किया है। वहीं, बलदेव तोमर ने कहा कि यह हादसा हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से हर संभव सहायता मुहैया करवाई जाएगी।
इस हादसे की जानकारी शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने सोशल मीडिया पोस्ट कर दी है। वहीं, इस घटना पर शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने दुख जताया है। विधायक ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दे तथा घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications