हिमाचल चुनाव EXCLUSIVE: भाजपा ने गुपचुप चंडीगढ़ में की बैठक, तय कर दिए नाम
शिमला। हिमाचल प्रदेश के चुनावी अखाड़े में भाजपा का टिकट हासिल करने का जुगाड़ भिड़ा रहे नेताओं को आज हैरानी भरी खबर उस समय मिली जब अचानक चंडीगढ़ में भाजपा चुनाव समिति ने गुपचुप बैठक कर प्रदेश के संभावित उम्मीदवारों के नाम तय कर दिये। चंडीगढ़ में बैठक करने के पीछे कारण यही रहा कि टिकट के आवेदकों की भीड़ से बचा जा सके। चूंकि नैना देवी में संपन्न बैठक के दौरान बड़ी तादाद में टिकट के आवेदक वहां पुहंच कर शक्ति प्रर्दशन करने लगे थे इसलिए पार्टी ने चंडीगढ़ में बैठक करने की योजना बनाई।

चंडीगढ़ भाजपा दफ्तर में संपन्न बैठक में सांसद अनुराग ठाकुर को छोड़कर चुनाव समिति के सभी सदस्य इस बैठक में मौजूद थे। अनुराग गुजरात में पार्टी के प्रचार के लिए गए हुए हैं। भाजपा के प्रदेश प्रभारी मंगल पांडे, चुनाव प्रभारी थावर चंद गहलोत, नेता विपक्ष प्रेम कुमार धूमल, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती और शांता कुमार समेत बाकी सभी सदस्य इस बैठक में मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। अब ये लिस्ट भाजपा के पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेज दी जाएगी। शनिवार को दिल्ली में संसदीय बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है। उम्मीद है कि शनिवार रात तक भाजपा लिस्ट जारी कर देगी। इससे पहले नैना देवी में भी चुनाव समिति की बैठक हो चुकी है।

बदले राजनैतिक हालात में भाजपा के कुछ सिटिंग विधायकों के टिकट कटना जहां तय माना जा रहा है वहीं पार्टी कुछ नये चेहरों को तरजीह देने के लिये भी तैयार हो गई है। लेकिन कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वालों के लिये फिलहाल पार्टी में कोई उत्साह नहीं है। इस मामले पर शांता कुमार पूरी तरह विरोध का रवैया अख्तियार किये हैं। वहीं केन्द्रिय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की उम्मीदों को भी झटका लग सकता है। दरअसल भाजपा आलाकमान ने अपना ध्यान पूरी तरह गुजरात की ओर मोड़ दिया है। जिससे अब प्रदेश में टिकट आबंटन में बड़ा फेरबदल होने की उम्मीद कम ही है।
पार्टी में इस समय सबसे बड़ा पेंच देहरा से विधायक रविन्दर सिंह रवि को लेकर है। रवि इस बार देहरा के बजाये पालमपुर से टिकट चाह रहे हैं। वहीं नुरपुर से राकेश पठानिया व देहरा से कृपाल परमार को टिकट देने को लेकर भी सहमति नहीं बन पा रही है। इसी तरह शाहपुर की विधायक सरवीण चौधरी व झंडूता के विधायक रिखि राम कौंडल के टिकट काटे जाने को लेकर भी गतिरोध बना हुआ है। इसी तरह नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल का हमीरपुर सीट से चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो गया है। दरअसल सांसद शांता कुमार कांगड़ा व चंबा जिलों में किसी प्रकार के दखल के खिलाफ हैं व यहां अपने हिसाब से टिकट देने की बात उठा रहे हैं। लेकिन पार्टी का एक धड़ा चाहता है कि टिकट उसी को दिया जाये, जिसकी जीत की संभावना हो।












Click it and Unblock the Notifications