Himachal Election 2022: चंबा में खिसकते जनाधार को बचाने के लिए पीएम मोदी और हर्ष महाजन के सहारे भाजपा
Himachal Election 2022: चंबा में खिसकते जनाधार को बचाने के लिए पीएम मोदी और हर्ष महाजन के सहारे भाजपा
Himachal Election 2022: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल दौरे के दौरान गुरुवार को करीब 12 बजे चंबा (Chamba) पहुंचेगे। इससे पहले उनका ऊना में कार्यक्रम है, लेकिन चंबा (Chamba) दौरे को लेकर चर्चा अधिक है। पिछले चुनावों में भाजपा को चंबा जिला में पांच में से चार सीटों पर विजय मिली थी। लेकिन इस बार हालात ऐसे नहीं है। यहां मौजूदा भाजपा विधायकों के प्रति लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। यही वजह है कि पार्टी में एक ओर यहां नए लोगों को टिकट देने की बात चल रही है। तो दूसरी ओर मोदी के दौरे के साथ अपना वोट बैंक बचाने की कवायद शुरू हो गई है। चंबा इसके साथ ही हर्ष महाजन की भाजपा में एंट्री को लेकर भी चर्चा में है।

दरअसल, इस बार चंबा सदर के विधायक पवन नैयर कोई खास करिशमा नहीं दिखा पाए। उनसे लोग नाराज बताए जा रहे हैं। यही हाल भरमौर के विधायक जिया लाल और विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज जो कि चुराह से विधायक हैं का भी है। हंस राज अपने कार्यकाल में विकास के बजाय विवादों में अधिक रहने को लेकर चर्चा में रहे हैं। भटियात के विधायक बिक्रम सिंह जरयाल की परफॉर्मेंस भी कमजोर रही है। भाजपा को यहां सत्ता विरोधी लहर से नुकसान होने का अंदेशा है। यही वजह है कि भाजपा को अपना गढ़ बचाने के लिए मोदी और हर्ष महाजन का सहारा लेना पडा है।
चंबा की राजनीति में अपना खासा प्रभाव रखने वाले हर्ष महाजन ने हाल ही में कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा है और उनकी चंबा से चुनाव लड़ने इच्छा रही है। अगर यह इच्छा भाजपा पूरी करती है, तो पवन नैयर का पत्ता कट जायेगा। इस फेरबदल में भाजपा लाभ में ही रहेगी। महाजन के पिता स्वर्गीय देश राज चंबा की राजनीति में खासा दबदबा रखते थे। खुद हर्ष महाजन ने 1993, 1998 और 2003 में लगातार तीन बार चंबा विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया और वीरभद्र सरकार में मंत्री भी रहे। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था। लेकिन पार्टी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से अपने मतभेदों के चलते उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया।
महाजन को भाजपा ने हिमाचल प्रदेश के चुनाव प्रभारी सौदान सिंह के साथ अटैच किया है और दोनों ही नेता इन दिनों चंबा में डेरा डाले हैं। हर्ष महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री की चंबा यात्रा एक रिकॉर्ड सभा के साथ यादगार होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस दिशाहीन और दूरदृष्टि की कमी के साथ, नेतृत्व के संकट का सामना कर रही है, जो चाटुकारिता और भ्रष्टाचार से कलंकित है। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी चंबा के चौगान में एक जनसभा को संबोधित करने के अलावा 180 मेगावाट की बजोली जल विद्युत परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वह 48 मेगावाट की चांजू-3 जल विद्युत परियोजना और 30.5 मेगावाट की दयोथल चांजू जल विद्युत परियोजना का शिलान्यास करेंगे तथा पीएमजीएसवाई-3 का शुभारंभ करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications