डेरा फॉलोअर मर्डर केस : गैंगस्टर गोल्डी बरार गैंग का सदस्य हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश से गैंगस्टर गोल्डी बरार गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब के डीजीपी ने ट्वीट कर बताया कि डेरा फॉलोअर की हत्या मामले में गिरफ्तारी की गई है।

डेरा सच्चा सौदा के एक अनुयायी की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने रविवार को हिमाचल प्रदेश से गोल्डी बरार गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ट्वीट किया कि एसएसओसी ने इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी को गिरफ्तार किया है। पिछले साल नवंबर में फरीदकोट में डेरा अनुयायी प्रदीप सिंह की हत्या सहित पंजाब और हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास और आतंक के वित्त पोषण समेत दर्जनभर मामलों में शामिल रहा है।
चंडीगढ़ के सेक्टर 33 में रहने वाले इंद्रजीत उर्फ पैरी पर चंडीगढ़ पुलिस ने जबरन वसूली का रैकेट चलाने का मामला दर्ज किया था। वह कनाडा के कुख्यात गैंगस्टर सतिंदर सिंह उर्फ गोल्डी बरार का सक्रिय सदस्य है।
बता दें कि पिछले साल 10 नवंबर को, छह हमलावरों ने पंजाब के फरीदकोट जिले में 2015 के बरगाड़ी बेअदबी मामलों के आरोपी 38 वर्षीय प्रदीप सिंह को गोली मार दी, जो ज़मानत पर बाहर था। प्रदीप सिंह कटारिया उर्फ राजू धोधी को सुबह करीब सवा सात बजे उस समय गोली मारी गई जब वह कोटकपूरा में अपनी डेयरी की दुकान खोलने जा रहे थे। इसके तुरंत बाद बरार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी ली थी।












Click it and Unblock the Notifications