Dehra Assembly Seat: सीएम सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने जीता चुनाव, कांग्रेस का सूखा किया खत्म
HP Dehra Assembly Seat By Election Result: हिमाचल की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आ चुके हैं। देहरा विधानसभा सीट (Dehra Assembly Seat) पर कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह को चुनाव हरा दिया है।
देहरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव होशियार सिंह के इस्तीफे की वजह हुआ। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में होशियार सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ते हुए कांग्रेस के डॉ. राजेश शर्मा को हराया था, जिसके बाद अब कमलेश ठाकुर ने कांग्रेस का सूखा खत्म करते हुए होशियार सिंह को हरा दिया है।

सीएम सुक्खू की पत्नी हैं कमलेश ठाकुर
कांगड़ा जिले के देहरा सीट से चुनाव लड़ने वाली कमलेश ठाकुर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी हैं। उनका यह पहला चुनाव था। 2012 में अस्तित्व में आई देहरा सीट पर कांग्रेस ने कभी जीत हासिल नहीं की, लेकिन अब कमलेश ठाकुर ने कांग्रेस का सूखा खत्म कर दिया है।
कमलेश ठाकुर का सीधा मुकाबला भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह से था, जिन्होंने 2022 में लगातार दूसरी बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सीट जीती थी। हालांकि इस बार उनको करारी हार का सामना करना पड़ा। अपना पहला चुनाव लड़ने वालीं कमलेश ठाकुर का देहरा मायका भी है।
9 हजार से ज्यादा वोटों से जीत
कमलेश ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह को 9399 मतों के अंतर से हराया है। कमलेश को 32737 वोट मिले, जबकि होशियार सिंह को 23338 वोट मिले।
सीएम सुक्खू ने भाजपा पर साधा निशाना
वहीं पत्नी की जीत के बाद सीएम सुक्खू ने 'X' पोस्ट में कहा,"विधानसभा उपचुनाव में देहरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर जी को ऐतिहासिक जीत दर्ज करने पर हार्दिक बधाई एवं सम्मानित मतदाताओं का हार्दिक आभार। इस चुनाव ने साफ सन्देश दिया है कि लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने व केंद्र की सत्ता के दम पर प्रदेश के जनादेश पर हमला करने की कारगुजारियां हिमाचल की जनता बर्दाश्त नहीं करने वाली। कांग्रेस सरकार देहरा को विकास के पथ पर अग्रसर रखते हुए जल्दी ही 'डेवलप देहरा' का सपना साकार करेगी।"












Click it and Unblock the Notifications