अटल जी के अंतिम संस्कार के दौरान सेल्फी लेते दिखे बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर सोशल मीडिया में हुए ट्रोल
शिमला। हिमाचल प्रदेश के से बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की शोक सभा में अपने सेल्फी प्रेम को लेकर विवादों में घिर गये हैं। इसे लेकर उनकी खूब फजीहत हो रही है। सोशल मीडिया में उन्हें खूब खरी खोटी सुनाई जा रही है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का हिमाचल से गहरा नाता रहा है। कुल्लू के मनाली के पास प्रीणी में उनका घर है। हिमाचल के लोग उन्हें अपना नेता मानते रहे हैं। हिमाचल के लोग उनके निधन के बाद गमगीन है। पूरे देश में उनके निधन पर सात दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।

गुरूवार शाम नई दिल्ली में स्मृति स्थल पर जब हजारों लोगों की मौजूदगी में वाजपेयी की अंत्येष्टि हो रही थी, तो ठीक उसी समय अंतिम विदाई में शामिल होने पहुंचे हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर अपने साथियों के साथ सेल्फी लेने में मशगूल थे। उनके साथ हिमाचल की भटियात से विधायक जरयाल व पालमपुर से भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात है कि अनुराग ठाकुर सत्तारूढ़ दल के लोकसभा में मुख्य सचेतक भी हैं। इसलिये अब सवाल उठ रहा है कि इतने अहम पद पर आसीन नेता ही ऐसा हरकत करे तो शोक मनाने की बात भी क्यों की जा रही है। अनुराग ठाकुर की इस हरकत पर सोशल मीडिया में उनके खिलाफ हमला बोला जा रहा है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स कह रहे हैं कि ऐसी दुख भरी परिस्थिति में अनुराग का सेल्फी लेना गलत है। हिमाचल प्रदेश के में सीपीएस रह चुके नीरज भारती ने अपनी फेसबुक पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, 'जाली फौजी शमशान घाट पर भी मॉडलिंग कर रहा है।' ट्विटर पर अनुराग ठाकुर पर हमले हो रहे हैं। उन्हें संवेदनहीन नेता कहा जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी का देहांत गुरुवार को एम्स अस्पताल में 5 बजकर 5 मिनट पर हुआ। जिसके बाद से पूरे देश में शोक की लहर फैल गई। अटल जी के विराट व्यक्तित्व वाले नेता का जाना देशभर के लोगों के लिए एक बड़ी क्षति के समान था। ऐसे में उनके अंतिम संस्कार के अवसर पर अनुराग ठाकुर का सेल्फी लेना उन्हें रास नहीं आया। जिसके बाद में यह तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है और माननीय सांसद की जमकर फजीहत की जा रही है। एक तरफ वाजपेयी जी के निधन पर हिमाचल प्रदेश के प्रीणी में दो दिन किसी भी घर में चूल्हा तक नहीं जला। वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता शमशान पर भी सेल्फी लेते नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications