हिमाचल चुनाव: कांगड़ा की युवा हुंकार रैली में कांग्रेस पर बरसे अमित शाह
शिमला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कांगड़ा के नगरपालिक मैदान में युवा हुंकार रैली को संबोधित करते हुये कहा कि परिवर्तन हिमाचल की व्यवस्था बदलने के लिए करना है। वक्त आ गया है कि कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार से हिमाचल प्रदेश को मुक्त किया जाये। उन्होंने प्रदेश की निकम्मी सरकार को उखाड़ कर फेंक देने का मौजूद युवाओं से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगर बीजेपी की सरकार बनेगी तभी हिमाचल का विकास होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपनी छाती पर भ्रष्टाचार का तमगा लेकर घूम रहे हैं जिससे हर हिमाचलवासी अपने आपको शर्मसार महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश का मुखिया ही ऐसा हो तो लोग क्या करेंगे। हिमाचल की यह पहचान नहीं हो सकती। शाह ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जो बदनामी की है, शायद किसी ने की हो। उन्होंने कहा कि शांता पानी वाले और धूमल सड़क वाले सीएम के तौर पर जाने जाते हैं लेकिन वीरभद्र सिंह भ्रष्टाचार वाले सीएम के तौर पर अपनी छवि बना चुके हैं। अब इस पहचान से छुटकारा पाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि अगले चुनावों के लिये हमें तैयार हो जाना चाहिये ताकि भ्रष्ट व्यवस्था से छुटकारा मिल सके।

देवभूमि में भाजपा का चुनाव अभियान
अमित शाह ने दावा किया कि आज मोदी सरकार के किसी भी मंत्री के खिलाफ विरोधी भी भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगा पाये हैं लेकिन कांग्रेस का पिछला इतिहास देखा जाये तो वहां हैरान रह जायेंगे आप। उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार को कभी स्वीकार नहीं करती। उन्होंने रैली में उमड़ी भीड़ की ओर इशारा करते हुये कहा कि अब हिमाचल में भाजपा को पच्चास से अधिक सीटें लेने से कोई नहीं रोक सकता। व अगली सरकार भाजपा की होगी। यह सब युवा शक्ति के सहयोग से ही संभव हो सकेगा। भाजपा हमेशा ही युवाओं की हितैषी रही है।
शाह ने आरोप लगाया कि हिमाचल के सीएम वीरभद्र सिंह मोदी की योजनाओं को पंचर करने काम करते हैं लेकिन अब जनता वीरभद्र से हिसाब लेगी। शाह ने कहा कि वीरभद्र सिंह मोदी सरकार से हिसाब मांग रहे थे तो आज मैं हिसाब लेकर आया हूं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश-प्रदेश के लोगों के लिए 106 योजनाएं बनाई हैं। इस बीच शाह तेजी से इन योजनाओं को एक-एक कर गिनाने लगे, जिससे कार्यकर्ता उत्साहित हो गए और उन्होंने मोदी सरकार की तारीफ में नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद शाह रुक गए और उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि हिमाचल में मोदी सरकार की योजनाएं धरातल पर नहीं पहुंच रही हैं। उन्हें डर है कि यदि ये योजनाएं धरातल तक पहुंची तो मोदी लोकप्रिय हो जाएगा। शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में कई राज्यों में विकास की गाड़ी चली पड़ी। अब विजय रथ देवभूमि में आया है। वहीं उन्होंने कार्यकर्ताओं को परिवर्तन का संकल्प भी दिलाया।

भाजपा ने दिया एकजुटता का परिचय
भाजपा ने आज गुटबाजी से दूर अपनी एकजुटता का परिचय दिया। केन्द्रिय मंत्री जेपी नड्डा,नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल व सांसद शांता कुमार मंच पर एक साथ दिखे। इससे पहले गगल एयरपोर्ट पर एकबार फिर अमित शाह ने केन्द्रिय मंत्री जेपी नड्डा को खास तव्वज्जो दी। जिसके राजनैतिक मायने भी हैं। भाजपा की आज की रैली कामयाब करार दी जा सकती है। कांगड़ा के नगरपालिका मैदान में जो भीड़ जुटी ,उसका संकेत साफ है कि लोग मोदी लहर में सरोबार हैं। रैली को आने वाले चुनावों की तैयारियों से भी जोडक़र देखा जा रहा है। अमित शाह का यह कांगड़ा जिला का दूसरा दौरा है। इससे पहले शाह पालमपुर भी आये थे। भाजपा अपनी रणनिति के तहत कांगड़ा को खास अहमियत दे रही है। भाजपा आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी व वीरभद्र सिंह के खिलाफ भी आक्रामक रूख तैयार करेगी। इसके लिये योजना तैयार कर ली गई है। योजना के तहत आज कांगड़ा में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने डिजिटल चार्जशीट को भी लांच किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को कोटखाई गैंगरेप मर्डर केस में घेरते हुये आरोप लगाया कि सरकार संवदेनहीन है। जिसके चलते ही मामले के आरोपी आज तक खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह सरकार ने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार को ही बढ़ावा दिया है।

नड्डा ने अमित शाह की तारीफों के पुल बांधे
कांगड़ा में भाजपा की हुंकार रैली को संबोधित करते हुये केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल की वीरभद्र सरकार को खराब ट्रांसफॉर्मर बताया व कहा कि अब इसे बदल देना चाहिए चूंकि खराब ट्रांसफॉर्मर किसी काम का नहीं होता। नड्डा ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी ने हिमाचल को सबसे ज्यादा योजनाएं दी है, लेकिन प्रदेश सरकार की नाकामी के चलते केंद्र सरकार की एक भी योजना सिरे नहीं चढ़ पाई। उन्होंने कहा कि आज से 20 साल पहले जब नरेंद्र मोदी बीजेपी के प्रभारी थे, तब उन्होंने इसी मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास नहीं कर पा रही है। आज मंडी में कैंसर का इलाज नहीं हो पा रहा है, यह कांग्रेस सरकार की नाकामी नहीं तो क्या है। नड्डा ने कहा कि बार-बार कहने के बाद भी प्रदेश सरकार ने फाइल आगे नहीं की। इसके साथ ही नड्डा ने प्रदेश के चर्चित कोटखाई मर्डर केस को लेकर प्रदेश सरकार को खरी खोटी सुनाई।












Click it and Unblock the Notifications