आप की एंट्री से हिमाचल चुनाव में इस बार होगा तीन मॉडल का तिकोना मुकाबला!
शिमला, 5 मई। हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले चुनावों को लेकर चल रही तैयारियों के चलते इस बार प्रदेश में तिकोना मुकाबला होने के आसार हैं। इस बार आम आदमी पार्टी के मैदान में होने से भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के समीकरण गड़बड़ा गये हैं। यही वजह है कि प्रदेश में इस बार छह माह पहले ही चुनाव प्रचार शुरू हो गया है। हालांकि प्रदेश में इससे पहले भाजपा व कांग्रेस के बीच ही मुकाबला होता रहा है। व दोनों ही दल सत्ता की अदला बदली करते रहे हैं। लेकिन इस बार हालात बदले हैं व तिकोने मुकाबले के आसार हैं। इसके चलते कई नेता अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं।

एक ओर भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के मॉडल के नाम पर लोगों को रिझाने में जुटी हैं तो कांग्रेस पार्टी वीरभद्र सिंह मॉडल की बात कर रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल के दिल्ली मॉडल के प्रचार में जुटी है व आरोप लगा रही है कि प्रदेश में विकास का मॉडल भाजपा राज में पूरी तरह फ्लॉप रहा है। जिससे प्रदेश व केंद्र में भाजपा की सरकारें होने के बावजूद लोगों में निराशा है। इसके बदलाव के आप ने नारा दिया है।

प्रदेश में भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव इस बार मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में ही लड़े जायेंगे। ठाकुर को केंद्रीय नेतृत्व से भी हरी झंडी मिल चुकी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से नजदीकियों के चलते ठाकुर की संगठन व सरकार पर पकड़ बनी है व उनके विरोधी पस्त हो चुके हैं। लेकिन दूसरी ओर न तो आम आदमी पार्टी न ही कांग्रेस पार्टी ने अपने सीएम चेहरों का एलान किया है। जिससे दोनों ही दलों में अभी तय नहीं हो पाया है कि चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जायेगा।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का दावा है कि देश व प्रदेश में भाजपा की सरकारों का लाभ प्रदेश को मिल रहा है। डबल इंजन सरकार से प्रदेश के विकास को गति मिली है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि भाजपा इस बार विकास के नाम पर जनता से वोट मांगेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने साढे चार साल के अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश का चहुंमुखी विकास कराया है। लिहाजा लोग इसी सरकार को दोबारा सत्ता में लाने के मूड में हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि प्रति माह 125 यूनिट तक की बिजली खपत पर बिजली उपभोक्ताओं से जीरो बिल वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिला यात्रियों को किराए में 50 प्रतिशत छूट देने का भी निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए अभूतपूर्व विकास के बावजूद कांग्रेस के नेता प्रदेश के विकास को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने कांग्रेस पार्टी को सिरे से नकार दिया है तथा आज कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बुरी तरह से पराजय का सामना करना पड़ा तथा उत्तर प्रदेश में पार्टी केवल दो सीटों पर ही सिमट कर रह गई। पंजाब में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब इस वर्ष नवंबर माह में होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि आप पार्टी के नेता भी प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके झूठे वादों के बहकावे में नहीं आएगी।

वहीं, शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हिमाचल के निर्माण के शिल्पकार थे। लोग उन्हें आज भी याद करते है। लिहाजा इस बार कांग्रेस पार्टी वीरभद्र मॉडल को जनता के बीच लेकर जायेगी। लोग इस सरकार को सत्ता से हटाने के लिये तैयार हैं। लोग वर्तमान सरकार से परेशान हैं।
उधर, आम आदमी पार्टी ने भी अपने चुनाव अभियान को धार दे दी है। व आप अपनी चुनावी सभाओं में केजरीवाल मॉडल को हिमाचल में लाने की बात कर रही है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन ने कहा है कि इस साल हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधा मुकाबला होगा, जिसमें आप को जीत मिलेगी। सत्येंद्र जैन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कुछ महीने बचे हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री अब एक जगह से दूसरी जगह जा रहे हैं, परियोजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं और लोगों को बता रहे हैं कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आई तो वह क्या करेगी। उन्हें अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर वोट मांगना चाहिए। जैन ने यह भी दावा किया कि इस विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी व भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधा मुकाबला होगा जबकि कांग्रेस मुकाबले में है ही नहीं, वह बाहर है। कांग्रेस में कलह मची हुई है।
आम आदमी पार्टी के हिमाचल के सह प्रभारी और दिल्ली के विधायक अजय दत्त ने कहा कि हिमाचल के लोग भाजपा व कांग्रेस दोनों ही दलों को सत्ता से बेदखल करने का मन बना चुके हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्कूलों और प्रशासन की बेहतरी केजरीवाल मॉडल से ही हो सकती है। उन्होंने कहा कि विकास के दिल्ली मॉडल की तर्ज पर हिमाचल मॉडल भी पार्टी तैयार करेगी।












Click it and Unblock the Notifications