हाथरस कांड: CBI जांच पर पीड़िता परिवार ने उठाया सवाल, कहा- पूछा था, अपनी बहन को क्यों मारा?
हाथरस। 19 वर्षीय युवती के साथ कथित गैंगरेप और हत्या के मामले की जांच सीबीआई कर रही है। जांच एजेंसी ने एक बार फिर से पीड़िता के परिवार से पूछताछ की है। हालांकि, इस पूछताछ के बाद पीड़िता के भाई ने बड़ा खुलासा किया है। पीड़िता के भाई ने कहा कि सीबीआई ने पूछा था कि तुमने अपनी बहन को मारा है? इस सवाल का जवाब देते हुए पीड़िता के भाई ने कहा था कि मैं अपनी बहन को मारता तो थाने लेकर नहीं जाता। बता दें कि यह खुलासा पीड़िता के भाई ने मानवाधिकार संगठन पीपुल्स यूनियन फ़ॉर सिविल लिबर्टी के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत में कही।

दरअसल, सीबीआई टीम ने मंगलवार (03 नवंबर) को पीड़िता के भाई और मां को कैंप आफिस बुलाकर करीब ढाई घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद पीड़ित परिवार से मानवाधिकार संगठन का प्रतिनिधिमण्डल पीड़िता के घर आया था। मानवाधिकार की टीम के सदस्य द्वारा पीड़िता परिवार के साथ बातचीत का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पीड़िता का भाई कहता सुनाई दे रहा है कि सीबीआई की टीम ने उससे पूछा कि सब तो कह रहे हैं तुमने मारा है अपनी बहन को, तब पीड़िता का भाई कहता सुनाई दे रहा है कि मुझे अपनी बहन को मारना होता तो मार देता, मारने के बाद पुलिस स्टेशन नहीं लेकर जाता।
क्या है पूरा मामला?
हाथरस जिले के चंदपा इलाके के एक गांव में 14 सितंबर को 4 लोगों ने 19 साल की दलित युवती से कथित गैंगरेप किया था। पीड़िता की इलाज के दौरान दिल्ली में 29 सितंबर को मौत हो गई थी। मामले में चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। हालांकि, पुलिस का दावा है कि दुष्कर्म नहीं हुआ था। UP सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दिए एफिडेविट में भी यह बात कही थी। इस मामले में योगी सरकार ने ही सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। 11 अक्टूबर को CBI की गाजियाबाद यूनिट ने चंदपा कोतवाली में दर्ज केस के आधार पर मुख्य आरोपी संदीप पर मामला दर्ज किया। 17 दिनों में अब तक CBI पीड़ित और आरोपियों के परिवार वालों से पूछताछ कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications