Hathras stampede: 'भोले बाबा ने कहा था..., लाशें बिछ गईं', हादसे के बाद भी अंधविश्वास हावी, सुनें Audio
Hathras stampede: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान भगदड़ मचने से हादसा हो गया। इस हादसे में 121 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। हादसे में इतने लोगों की मौत के बाद भी लोगों का अंधविश्वास से भरोसा नहीं हट रहा है।
इस सत्संग में प्रवचन देने आए नारायण साकार विश्व हरि भोले बाबा के एक सेवादार का ऑडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि वन इंडिया हिंदी वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।

दावा किया जा रहा है कि वायरल ऑडियो एक सेवादार और उसके रिश्तेदार के बीच की बातचीत है। जिसमें सेवादार कह रहा है कि बाबा ने मुझे पहले ही कहा था कि घबराने की जरूरत नहीं है। सेवादार का दावा है कि बाबा ने मुझे पहले ही यह बात बता दी थी।
जो बाबा से डरेगा, भक्ति करेगा, वही बचेगा
वायरल ऑडियो में सेवादार यह कहते हुए सुना जा रहा है कि जो बाबा से डरेगा, उनकी भक्ति करेगा वही बचेगा। जो नहीं करेगा वह मर जाएगा। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह ऑडियो 4:35 मिनट का है।
हम भी उसी जगह थे प्रभु ने बचा लिया
वायरल ऑडियो में सुनने से लगता है कि सेवादार के रिश्तेदार ने हादसे के बाद उसकाे फोन किया था लेकिन फोन नहीं उठा था। उसके बाद सेवादार उसे कॉल बैक करके पूछता है कि क्यों फोन किये थे। दूसरा श्ख्स कहता है कि मुझे तुम्हारी बहुत टेंशन हो रही थी।
उसक बाद सेवादार कहता है कि परमात्मा ने पहले ही बता दिया था कि घबराने की जरुरत नहीं है। भड़भड़ाना मत आज कई लोगों की मौत हो जाएगी। ...एक गिरे, दो गिरे फिर देखते ही देखते लाशें बिछ गई।
सेवादार यह भी कहता है कि बाबा ने हमें बचा लिया। उन्होंने ही हमें वापस भेज दिया। आगे सेवादार कहता है कि दो लाख की भीड़ थी। आगे वह यह भी दावा करता है कि जो लाशें रखी हैं उन्हें भी बाबा जिंदा कर सकते हैं।
मारना होगा तो हम घर जाकर मार देंगे
बाबा शरीरधारी नहीं हैं, लेकिन कोई उन्हें समझ नहीं पा रहा। बाबा ने खुद कहा था कि हम शरीरधारी नहीं हैं। देखो आज क्या हो गया? उन्होंने कह दिया था कि यदि हमें मारना होगा, तो हम घर जाकर मार देंगे। जिसे हमें जीवित रखना होगा, उसे हम चुपचाप भेज देंगे।
सेवादार आगे यह भी कहते हुए सुना जा रहा है कि 25 साल में कितनी-कितनी भीड़ हुई, लेकिन तुमने कभी ऐसी आपदा नहीं देखी होगी। आज उनकी लीला थी, वह दिखा रहे थे। उनको कोई नहीं रोक सकता। पुलिसवाले भी मर गए।
जवाब में उसका दोस्त कहता है कि कम से कम 300-350 लोग खत्म हुए हैं। फिर सेवादार कहता है- इससे ज्यादा भीड़ तो राजस्थान में होती है। हमने तो लाशें उठवाई हैं। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। ये सब उनकी मर्जी से हो रहा है। प्रलय आ गई है।
सुनें Audio-
रविवार को जब यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोग इसे सुनकर हैरान रह गए। कुछ लोग लिख रहे हैं कि कैसे अंधविश्वास लोगों पर हावी हो गया है। इतना बड़ा हादसा होने और इतने लोगों की जान जाने के बाद भी लोग बाबा पर आंख मूंदकर भरोसा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications