“Rest in Peace choti behen”: पहलवान रितिका को याद करते हुए ममेरी बहन रितू फोगाट ने कही ये बात
चरखी दादरी। राजस्थान के झुंझनू की रहने वाली 17 वर्षीय पहलवान रितिका फोगाट की मृत्यु से फोगाट परिवार शोक-संतप्त है। रितिका 16 मार्च की सुबह एक कमरे में पंखे पर दुपट्टे के फंदे पर मृत मिली थी। वह हरियाणा में अपने फूफा महाबीर पहलवान (द्रोणाचार्य अवार्डी), जो कि बबीता फोगाट के पिता हैं, के गांव बलाली स्थित कुश्ती एकेडमी में रहकर प्रैक्टिस करती थी। ममेरी बहन (रितिका) की मौत से बबीता फोगाट और उनकी छोटी बहन रितू फोगाट काफी दुखी हैं। दोनों ने रितिका को लेकर सोशल मीडिया पर भी शोक-संवेदनाएं जाहिर की हैं।
Recommended Video

रेस्ट इन पीस छोटी बहन: रितू फोगाट
रितू फोगाट ने रितिका को याद करते हुए ट्वीट किया, "रेस्ट इन पीस छोटी बहन रितिका। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि आपने ऐसा किया। आपको हम हमेशा याद करेंगे। ओम शांति।"
एक अन्य पोस्ट में, रितु ने लिखा- हमारा परिवार लोगों से किसी भी तरह अफवाहों को न फैलाने और तथ्यों में विश्वास करने का आग्रह करता है। यह परिवार के लिए बहुत मुश्किल घड़ी है। उन्होंने कहा, "मुझे सुबह से बहुत सारे संदेश मिल रहे हैं। परिवार में जो कुछ हुआ, उससे बहुत दुखी और परेशान हूं। मैं लोगों से आग्रह करती हूं कि वे किसी भी तरह की अफवाह में न फैलाएं। यह मेरे और मेरे परिवार के लिए कठिन समय है और मैं आप सभी से हमारी निजता का सम्मान करने का आग्रह करती हूं।"

आत्महत्या कोई समाधान नहीं है: बबीता फोगाट
रितु फोगाट के अलावा उनकी बड़ी बहन बबीता फोगाट ने भी रितिका को लेकर पोस्ट लिखी। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, "भगवान रितिका की आत्मा को शांति दे। यह समय पूरे परिवार के लिए बहुत ही दुख की घड़ी है। आत्महत्या कोई समाधान नहीं है। हार और जीत दोनों जीवन के महत्वपूर्ण पहलू हैं। हारने वाला एक दिन जीतता भी जरूर है। संघर्ष ही सफलता की कुंजी है संघर्षों से घबराकर ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए।"

कुश्ती का फाइनल मैच हारी थीं रितिका
रितिका ने पिछले दिनों राजस्थान के भरतपुर के लोहागढ़ स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय सबब-जूनियर, जूनियर महिला व पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। जहां फाइनल मैच में रितिका एक पॉइंट से हार गई थी। उस मुकाबले के दौरान वहां महाबीर फोगाट भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि, यह फाइनल मुकाबला हारने के बाद से ही रितिका बहुत दुखी थी। वो इतनी निराश हुई कि अपनी जान दे दी। उसकी लाश बबीता के गांव बलाली स्थित मकान में फंदे पर लटकी मिली। यह पता चलते ही उनके परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया।

घटना की जांच कर रही हरियाणा पुलिस
अब हरियाणा पुलिस रितिका की मौत के मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। गुरुवार को हरियाणा पुलिस ने रितिका की मौत की खबर की पुष्टि की और मामले की जांच शुरू कर दी। चरखी दादरी जिले के पुलिस अधीक्षक राम सिंह बिश्नोई ने कहा, "पहलवान व भाजपा नेता बबीता फोगट की ममेरी बहन रितिका ने कथित तौर पर 17 मार्च को आत्महत्या की। इसके पीछे की वजह राजस्थान में हाल ही में कुश्ती टूर्नामेंट में हुई उसकी हार हो सकती है।"

झुंझनू जिले के गांव जैतपुर की निवासी थी
राम सिंह बिश्नोई ने कहा, "वो 17 वर्ष की थी। उसने भरतपुर के लोहागढ़ स्टेडियम में राज्य स्तरीय सब-जूनियर, जूनियर महिला और पुरुष कुश्ती टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। तब से ही परेशान बताई जा रही थी। हम उसकी मौत के कारणों की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications