हरियाणा में साढ़े 7 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती होगी, अभी यहां 14765 लोगों पर है 1 पुलिसकर्मी
चंडीगढ़। हरियाणा में जल्द साढ़े 7 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती कराई जाएगी। अभी यहां 14765 लोगों पर गिनती में 1 पुलिसकर्मी है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज का कहना है कि, पुलिस की रिक्तियां जल्द से जल्द भरने पर काम चल रहा है। हाल ही विज की पुलिस विभाग से संबंधित मुद्दों पर बैठक हुई थी। उस बैठक में बताया गया कि, इस वर्ष लगभग 7500 रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया हरियाणा राज्य कर्मचारी आयोग के माध्यम से की जानी हैं।

एसटीएफ को और मजबूत बनाया जाएगा
गृहमंत्री विज की बैठक में यह भी बताया गया कि, हर साल पुलिस विभाग से 800 कर्मी रिटायर हो जाते हैं तथा 200 कर्मियों की मृत्यु हो जाती है। खुद गृहमंत्री ने पुलिस विभाग में पुलिसकर्मियों के पदों की भर्ती प्रक्रिया को अतिशीघ्र सुनिश्चित करवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने प्रशासनिक एवं इंफ्रास्ट्रक्चर मामलों की समीक्षा करते हुए उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए वाहनों, आधुनिक उपकरणों और पुलिस के क्षमता निर्माण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इस दिशा में राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग मिलेगा। विज ने कहा कि, प्रदेश में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को और मजबूत बनाया जाएगा ताकि, अंतरराज्यीय गैंगस्टरों की आपराधिक गतिविधियों की निगरानी करते हुए उन पर प्रभावी रूप से शिकंजा कसा जा सके।

स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की कार्यप्रणाली पर संतोष जाहिर करते हुए गृहमंत्री ने एसटीएफ के लिए नए आधुनिक वाहन, नवीनतम तकनीक के उपकरण सहित सॉफटवेयर इत्यादि मुहैया करवाने के लिए सैद्धांतिक रूप से स्वीकृति भी प्रदान की। गृहमंत्री की ओर से यह भी बताया गया कि, हरियाणा में संगठित अपराधों पर शिकंजा कसने के लिए विधानसभा में हरियाणा संगठित अपराध नियंत्रण (हरकोका) विधेयक को पारित कर राष्ट्रपति के अनुमोदन के लिए केन्द्र सरकार को भेजा हुआ है जहां से मंजूरी मिलते ही इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।
विज ने कहा कि, सभी क्राइम आपस में जुडे होते हैं। कोई भी अपराध छोटा या बडा नहीं होता। उन्होंने कहा कि, अगर शुरू से ही अपराध को रोकने के प्रयास किए जाएं तो आगे चलकर इसके बेहतर परिणाम मिलते हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर अपराध पर रोक लगाई जाए।












Click it and Unblock the Notifications