हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार के खिलाफ कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव गिरा
हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार के खिलाफ कांग्रेस की तरफ से लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गिर गया है।
चंडीगढ़। हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार के खिलाफ कांग्रेस की तरफ से विधानसभा में लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गिर गया है। अविश्वास प्रस्ताव पर दिनभर विधानसभा में चर्चा हुई, जिसके बाद खट्टर सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया। गौरतलब है कि कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले लंबे समय से चल रहे किसान आंदोलन के बीच कांग्रेस ने दावा किया था कि हरियाणा सरकार के पास बहुमत नहीं है। विपक्ष के नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया था कि सीएम मनोहर लाल खट्टर जनता और अपने विधायकों का विश्वास खो चुके हैं।
Recommended Video

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बुधवार सुबह हरियाणा विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया, जिसपर स्पीकर ने पहले 2 घंटे और बाद में 3 घंटे तक चर्चा की अनुमति दी। इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में दिल्ली की सीमाओं पर 250 से ज्यादा किसानों की मौत हो चुकी है। मैंने सदन में उनके नाम पेश किए लेकिन मुझे अखबारों में उनके नाम नहीं मिले। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मनोहर लाल खट्टर सरकार के पास बहुमत नहीं है, लेकिन ये सरकार जननायक जनता पार्टी के ऊपर टिकी है। इसके बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अविश्वास प्रस्ताव पर गुप्त मतदान की मांग की।
किसानों में भ्रम फैला रही है कांग्रेस- मनोहर लाल खट्टर
वहीं, अविश्वास प्रस्ताव पर सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा, 'हम विपक्ष का विश्वास कभी नहीं जीतेंगे, लेकिन जनता का विश्वास जरूर जीतेंगे। मैं कांग्रेस के नेताओं से अनुरोध करता हूं कि 6 महीने बाद फिर से सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आएं। कांग्रेस पार्टी की ये पुरानी संस्कृति है कि जब कोई बात पसंद ना आए तो उसे लेकर लोगों में अविश्वास पैदा कर दीजिए। कांग्रेस और उसके नेता कृषि कानूनों को लेकर किसानों में भ्रम फैला रहे हैं। कृषि कानून उन लोगों ने संसद में बनाए हैं, जिन्हें जनता ने चुनकर संसद में भेजा है।'












Click it and Unblock the Notifications