हरियाणा: लगातार घटकर अब 2 हजार रह गए एक दिन में मिलने वाले नए कोरोना मरीज, रिकवरी रेट 95% पार
चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में अब कमी आ रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते रोज महज 2 हजार नए कोरोना मरीज ही मिले। जबकि, संक्रमितों का कुल आंकड़ा 7,52,069 हो गया। जिनमें से 7,18,959 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं और 25,075 सक्रिय मरीज हैं। कोरोना से 8,035 लोगों की जान जा चुकी। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि, अब हालत नियंत्रण में हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, हरियाणा में कोरोना की रिकवरी रेट बढ़कर 95.6% हो गई है।

विगत 24 घंटों के दरम्यान हरियाणा में सामने आए 2,007 नए मामले राहत का बड़ा कारण कहे जा सकते हैं। क्योंकि, एक समय ऐसा भी आ चुका है जब हरियाणा में रोजाना 16 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज मिल रहे थे। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि, बीते 24 घंटों के दरम्यान राज्यभर में 5,025 लोग डिस्चार्ज हुए। यानी ठीक होने वालों की संख्या नए मरीजों की तुलना में दोगुना से भी ज्यादा रही। हालांकि, इस दौरान 96 लोगों की मृत्यु भी दर्ज़ की गई।
हरियाणा के जनसंपर्क एवं सूचना विभाग ने स्वास्थ्य विभाग के हवाले से बताया था कि, प्रदेश के विभिन्न मेडिकल काॅलेजों, सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में फिलहाल कुल 13,949 ऑक्सीजन बेड और कुल 5,350 वेंटिलेटर/आई.सी.यू. बेड की व्यवस्था है।
ऐसे तोड़ी जा रही गांवों में संक्रमण की चेन
गांवों में वायरस का संक्रमण रोकने के लिए सरकार द्वारा "टेस्ट, ट्रैक एण्ड ट्रीट" रणनीति अपनाई जा रही है। जिसके लिए गांवों में डोर टू डोर कोरोना स्क्रीनिंग के लिए हरियाणा विलेजर्स जनरल हैल्थ चेकअप स्कीम है। इस कार्य के लिए हजारों टीमों का गठन किया गया है। सरकार का कहना है कि, प्रत्येक टीम 500 घरों में डोर-टू-डोर विजिट करके कुल 40 लाख ग्रामीण घरों में स्वास्थ्य की जांच करेगी। मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही बताया गया था कि हरियाणा विलेजर्स जनरल हैल्थ चेकअप स्कीम के तहत अब तक टीमें 3011 गांवों में जा चुकी हैं और 21 लाख से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है। इसके अलावा, प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर 5 से 20 डी-टाईप ऑक्सीजन गैस सिलैण्डर का प्रबंध किया जाएगा।

घर तक ऑक्सीजन सिलेंडर की सुविधा
वहीं, जरूरतमंद मरीजों को उनके घर-द्वार पर ऑक्सीजन सिलेंडर की सुविधा दी जा रही है। होम आइसोलेशन में इलाज करवा रहे प्रत्येक जिले के जरूरतमंद मरीजों को उनके घर-द्वार पर ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाने की पहल मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई थी। इसके लिए ऐसे सभी मरीज www.oxygenhry.in पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक, 9 मई से शुरू हुई इस पहल के तहत इस पोर्टल पर 19 मई तक 374 समाजसेवी संस्थाओं का घर-द्वार पर ऑक्सीजन सिलेण्डर की सप्लाई के लिए पंजीकरण हो चुका है। इतना ही नहीं, पोर्टल पर कुल 14,678 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 9 हजार से ज्यादा आवेदकों के घर ऑक्सीजन सिलेण्डर पहुंचाया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications