खेलो हरियाणा का शुभारंभ: 6 प्रतियोगिताओं की आज करनाल कर रहा मेजबानी, 7 जिलों में होंगे 20 तरह के मुकाबले
करनाल। प्रदेश में 'खेलो हरियाणा' गेम्स का आज से शुभारंभ हो गया है। इन गेम्स की प्रतियोगिताएं 29 अगस्त तक यानी 3 दिन चलेंगी। इसके तहत 7 जिलों में 20 प्रकार के मुकाबले होंगे। आज करनाल जिला कई प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि, करनाल जिला फुटबाल, बॉक्सिंग व टेबल टेनिस मुकाबलों की मेजबानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि, उक्त प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रदेश के हर कोने यानी सभी जिलों से 1232 खिलाड़ी पहुंच चुके हैं।

करनाल के कर्ण स्टेडियम खेलों के मुकाबले
'खेलो हरियाणा' गेम्स की प्रतियोगिताएं आज कर्ण स्टेडियम में कराई जा रही हैं। यहीं से खेलों के मुकाबलों का शुभारंभ भी हुआ है। हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ बतौर मुख्यातिथि कर्ण स्टेडियम बुलवाए गए हैं। उनके अलावा स्थानीय प्रशासन व खेल विभाग के काफी अधिकारी पहुंचे। राज्य सरकार की ओर से इन खेलों के आयोजन की तैयारियां काफी दिनों से की जा रही थीं। "खेलो हरियाणा" राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी एवं इंद्री के एसडीएम सुमित सिहाग ने बताया कि, खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा समुचित प्रबंध किए गए हैं।
ठहरने व खान-पान के सभी इंतजाम
उन्होंने कहा कि, 'खेलो हरियाणा' गेम्स की प्रतियोगिताएं जिलों में स्थापित अलग-अलग स्कूलों में आयोजित होंगी। जो खिलाड़ी हिस्सा लेने वाले हैं, उन खिलाड़ियों के रात में रुकने व खान-पान की व्यवस्था के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है, जो व्यवस्था पर कड़ी नजर रखेगी। इंद्री के एसडीएम ने कहा कि, प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के रात्रि ठहराव, खान-पान की उचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि, खिलाड़ियों के ठहरने व खान-पान की व्यवस्था में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

3 जगहों पर 6 तरह की प्रतियोगिताएं होंगी
- शेड्यूल के मुताबिक, लड़कियों की फुटबॉल खेल प्रतियोगिता कर्ण स्टेडियम करनाल में होगी।
- लड़कों की फुटबॉल खेल प्रतियोगिता राईजिंग सन पब्लिक स्कूल कुटेल में होगी।
- लड़के-लड़कियों की बॉक्सिंग खेल प्रतियोगिता कर्ण स्टेडियम में होगी।
- लड़के-लड़कियों की टेबल टेनिस खेल प्रतियोगिता डीपीएस पब्लिक स्कूल करनाल में होगी।
प्रदेश के 7 जिलों में 20 तरह के मुकाबले होंगे
- आज करनाल: टेबल टेनिस, बॉक्सिंग और फुटबाल
- फरीदाबाद: हॉकी, शूटिंग, एथलेटिक्स, लॉन टेनिस
- यमुनानगर: वेट लिफ्टिंग, जिम्नास्टिक,
- हिसार: हैंडबाल, जूडो, रेसलिंग,
- भिवानी: कबड्डी, खो-खो,
- रोहतक: वॉलीबाल, बास्केटबाल, बैडमिंटन,
- कुरुक्षेत्र: साइकिलिंग
- गुरुग्राम: तीरंदाजी, स्वीमिंग












Click it and Unblock the Notifications