देवेंद्र बबली और कमल गुप्ता बने हरियाणा के मंत्री, CM और डिप्टी CM की मौजूदगी में राज्यपाल ने शपथ दिलाई
चंडीगढ़, 28 दिसंबर 2021: हरियाणा में कैबिनेट विस्तार के तहत भाजपा-जजपा से कमल गुप्ता और देवेंद्र सिंह बबली मंत्री बनाए गए हैं। आज शाम को दोनों ने शपथ ली। उन्हें हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने राजभवन में मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस दौरान शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी मौजूद रहे।

26 माह बाद गठबंधन सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार
हरियाणा में सत्ता मिलने के 26 माह बाद यह भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हुआ है। अब से पहले तक हरियाणा मंत्रिमंडल 12 सदस्यीय था। आज मंत्रिमंडल में दो और मंत्री जुड़ गए।इस बारे में कल मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पहले ही बताया था कि, इसके लिए शाम 4 बजे राजभवन में कार्यक्रम होगा, जहां गठबंधन सरकार के भाजपा और जजपा से एक-एक मंत्री बनेंगे। चूंकि, दोनों के कोटे का एक-एक पद ही खाली था।

6 महीने पहले ही सामने आ गए थे नाम
जजपा कोटे से कैबिनेट मंत्री के रूप में करीब 6 माह पहले ही टोहाना के विधायक देवेंद्र बबली का नाम तय हो चुका था। वहीं, भाजपा की ओर से हिसार से विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने शपथ ली है। पार्टी से जुड़े एक नेता ने कल कहा था कि, देवेंद्र बबली को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग दिया जा सकता है, जबकि डॉ. कमल गुप्ता को किसी दूसरे मंत्री के विभाग दिए जा सकते हैं। इनमें वित्त विभाग की चर्चा अधिक हुई। अंतत: आज दोनों मंत्रियों ने शपथ ले ली। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला दोनों मौजूद रहे।

विधानसभा में 14 मंत्री बनाने का है प्रावधान
हरियाणा विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं। जिनमें से 40 सीटें जीत कर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी। वहीं, जजपा की 10 सीटें हैं। दोनों दल संयुक्त रूप से सत्ता में हैं। चूंकि नियमानुसार, इस राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में 14 मंत्री बनाने का प्रावधान है तो भाजपा का 11, जबकि जजपा का 3 मंत्रियों का कोटा है। भाजपा से अभी मनोहर लाल समेत 10 मंत्री थे। वहीं, जजपा से डिप्टी सीएम दुष्यंत समेत 2 मंत्री। अब कोटा पूरा हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications