Haryana News: कुरुक्षेत्र में होगा अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव- 2023 का आयोजन, सीएम खट्टर ने दी जानकारी
Haryana News: धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर एक बार फिर अध्यात्म, संस्कृति एवं कला का दिव्य संगम देखने को मिलेगा। 7 दिसंबर से 24 दिसंबर तक अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव- 2023 का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें श्रीमद्भगवद्गीता का शास्वत संदेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज यहां आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार भारत के संविधान को शासकीय व्यवस्था की गीता कहा जाता है। उसी प्रकार वे स्वयं मानते हैं कि गीता जीवन के पथ प्रदर्शन के नियमों के नाते से एक संविधान है। उन्होंने कहा कि इस बार अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में असम सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेगा। पुरुषोत्तमपुरा बाग, ब्रह्म सरोवर पर असम सरकार द्वारा पैवेलियन लगाया जा रहा है। जिसमें उसकी संस्कृति, शिल्प, खान-पान इत्यादि से सम्बन्धित स्टाल आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कुरुक्षेत्र को गीता स्थली के रूप में मिलेगी पहचान
सीएम खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में कुरुक्षेत्र आगमन के दौरान कहा था कि कुरुक्षेत्र को गीता स्थली के रूप में पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन के बाद से हरियाणा सरकार द्वारा गीता महोत्सव को कुरुक्षेत्र में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2016 से मनाया जा रहा है। विगत 7 वर्षों से इस महोत्सव को अपार सफलता और लोकप्रियता मिल है। वर्ष 2019 में यह महोत्सव देश से बाहर मॉरीशस तथा लंदन में भी मनाया गया। सितम्बर 2022 में यह कनाडा में भी आयोजित किया गया। इस साल अप्रैल माह में भी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव आस्ट्रेलिया में आयोजित किया गया। वर्ष 2024 में अमेरिका में भी इस महोत्सव के आयोजन का निमंत्रण मिला है।

जगदीप धनखड़ करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ
सीएम खट्टर ने कहा कि 17 दिसंबर से मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। हम सबके लिए गौरव का क्षण होगा। देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 17 दिसम्बर को ब्रह्म सरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन से इस महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे इसी दिन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारम्भ भी करेंगे। यह संगोष्ठी 19 दिसम्बर तक चलेगी। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवदगीता की प्रेरणा से विश्व शान्ति और सदभाव विषयक इस संगोष्ठी में देश-विदेश के गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शोधार्थी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। निश्चय ही इस संगोष्ठी से गीता के संदेश की महत्ता विश्व में फैलेगी।
गीता महोत्सव के के लिए बनेगी मेला ऑथोरिटी
सीएम खट्टर ने कहा कि धीरे-धीरे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव मेला आर्थिक दृष्टि से सेल्फ-फाइनेंस की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए अलग से मेला ऑथोरिटी बनाई जाएगी। जो अपने स्तर पर इसका आयोजन करेगी। सरकार की ओर से एक मेला अधिकारी तैनात किया जाएगा। जो सरकार की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं को देखेगी। उन्होंने कहा कि यह मेला ऑथोरिटी महोत्सव के आयोजन की प्लानिंग और जिलो में भी अपनी व्यवस्थाएं करेगी।
एक मिनट तक एक साथ करें गीता पाठ
सीएम खट्टर ने सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि 23 दिसंबर गीता जयंती के दिन सभी नागरिक सुबह 11 बजे एक मिनट तक एक साथ गीता पाठ करें। इस दौरान 3 श्लोक का पाठ होगा। सभी नागरिक अपने घर या कार्यस्थल पर इस गीता पाठ के साथ जुड़ कर गीता के 3 श्लोक का पाठ करें। इसके लिए जियो गीता ऐप के माध्यम से जुड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications