Haryana Cabinet Expansion: नायब सैनी मंत्रिमंडल का विस्तार, सीमा त्रिखा समेत आठ नए चेहरों को मिली जगह
Haryana Cabinet Expansion: हरियाणा में मंगलवार को नायब सिंह सैनी ने अपना मंत्रिमंडल विस्तार किया। इस दौरान गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय ने एक कैबिनेट और 7 राज्यमंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नायब सिंह सैनी सरकार में कई और नए चेहरों को शामिल किया गया है।
नायब सैनी ने 12 मार्च को हरियाणा के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की थी। तब उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की थी। इनमें कंवरपाल गुज्जर, मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह, जेपी दलाल, डॉ. बनवारी लाल का नाम शामिल था। ये सभी पिछली मनोहर लाल सरकार में भी मंत्री थे।

वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल विज शपथ समारोह में नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुझे शपथ ग्रहण की कोई जानकारी नहीं है।आपको बता दें कि विज अपनी पार्टी से पहले ही नाराज चल रहे हैं। वह चंडीगढ़ में नए सीएम के चयन को लेकर जब विधायक दल की मीटिंग हो रही थी तो मीटिंग छोड़ कर घर चले गए थे।
मंत्रिमंडल में इन्हें मिली जगह
1. डॉ. कमल गुप्ता, राज्य मंत्री
2. सीमा त्रिखा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
3. महिपाल ढांडा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
4. असीम गोयल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
5. अभे सिंह यादव, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
6. सुभाष सुधा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
7. विशंभर सिंह बाल्मीकि, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
8. संजय सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
मंत्रिमंडल विस्तार में सबसे पहले डॉ. कमल गुप्ता ने शपथ ली। उन्होंने संस्कृत भाषा में शपथ ली। इसके बाद सीमा त्रिखा ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर शपथ ली। सीमा त्रिखा फरीदाबाद के बड़खल से विधायक हैं। इसके बाद पानीपत ग्रामीण से बीजेपी के विधायक महिपाल ढांडा ने शपथ ग्रहण की। ढांडा को भी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
इसके बाद अंबाला सिटी से विधायक असीम गोयल ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर शपथ ग्रहण की। इसके बाद नांगल चौधरी विधानसभा से बीजेपी के विधायक अभय सिंह यादव ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर शपथ ग्रहण की। अभय सिंह यादव के बाद कुरुक्षेत्र के थानेसर से विधायक सुभाष सुधा ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की शपथ थी।
इसके बाद बवानी खेड़ा से विधायक बिशंभर सिंह वाल्मीकि ने राज्यमंत्री की शपथ ली। इसके बाद संजय सिंह ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पद की शपथ ली। हरियाणा मंत्रिमंडल में अधिकतम मंत्रियों की संख्या 13 हो सकती है। इस विस्तार के साथ ही ये संख्या पूरी हो गई है।
दिलचस्प बात ये है किदूसरे कैबिनेट विस्तार में एक भी निर्दलीय विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है। जबकि बीजेपी ने जजपा से गठबंधन तोड़कर 6 निर्दलीयों और एक हलोपा विधायक गोपाल कांडा के समर्थन से सरकार बनाई है।












Click it and Unblock the Notifications