योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर हरियाणा सीएम ने दी बधाई, खास अंदाज में किया Tweet
चंडीगढ़, 05 जून: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ रविवार को 50 साल के हो गए हैं। रविवार (5 जून) को उनके 51वें जन्मदिन के मौके पर यूपी के कई जगहों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। वाराणसी में जहां हिंदू युवा वाहनी के कार्यकर्ताओं ने सीएम योगी का जन्मदिन अलग अंदाज में मनाया। उन्होंने बुलडोजर के साथ विशेष गंगा आरती की। वहीं अयोध्या में भव्य आयोजन किया गया। सीएम योगी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित विभिन्न राजनेताओं ने ट्वीट कर बधाई दी।

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट करते हुए लिखा कि नए उत्तर प्रदेश के निर्माण व प्रदेश में भय मुक्त वातावरण देने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं। आप जनता के कल्याण व विकास हेतु समर्पित भाव से परिश्रम करते रहें। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु होने की प्रार्थना करता हूं।
पीएम मोदी ने योगी को बताया 'ऊर्जावान मुख्यमंत्री'
वहीं पीएम मोदी ने अपने बधाई संदेश में यूपी सीएम को ऊर्जावान मुख्यमंत्री कहा। पीएम ने सीएम योगी को बधाई देते हुए लिखा कि 'उत्तर प्रदेश के ऊर्जावान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की बधाई। उनके कुशल नेतृत्व में राज्य ने प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने राज्य के लोगों के लिए जन हितैषी शासन सुनिश्चित किया है। मैं जनता की सेवा में उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।
राष्ट्रपति और गृह मंत्री ने भी दी बधाई
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी सीएम योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई दी, जिस पर सीएम योगी ने उनका आभार जताया। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने अपने ट्वीट में लिखा, ''मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मोदी जी के मार्गदर्शन में आपने जिस प्रकार उत्तरप्रदेश को गुंडाराज व माफियाराज से मुक्त कर विकासोन्मुख शासन दिया है, उससे प्रदेश प्रगति के नए कीर्तिमान बना रहा है। आप स्वस्थ रहें व दीर्घायु हों ऐसी ईश्वर से कामना करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications