Haryana News: 'वोट नहीं दिया' बोलकर पूर्व विधायक ने बेटियों से छीन ली फ्री बस सेवा
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में हार के बाद 'वोट नहीं दिया' बोलकर बदला लेने से नहीं चूक रहे। ऐसा ही कदम हरियाणा के रोहतक जिले की महम सीट पर हरियाणा जनसेवक पार्टी के नेता कुंडू ने उठाया है। पूर्व विधायक कूंडू ने बेटियों के लिए चलाई जा रही निशुल्क बस सेवा को चुनाव परिणाम के बाद बंद कर दिया है।
दरअसल, महम सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी बलराम दांगी ने 18 हजार 60 वोटों से जीत दर्ज की है। दूसरे नंबर पर हरियाणा जनसेवक पार्टी के बलराज कुंडू रहे। ये पिछली बार जीतकर विधायक बने थे। इस बार 38 हजार 805 वोट ही हासिल कर सके जबकि दांगी को 56 हजार 865 वोट मिले।

8 अक्टूबर को मतगणना के बाद बलराज कुंडू ने समर्थकों की बैठक बुलाई थी, जिसमें हार के कारणों पर मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि कुंडू ने मुफ्त बसें चलाईं, इसके बावजूद उन्हें हरवा दिया गया।
कुंडू का कहना है कि उनके समर्थकों को गुस्सा था कि लड़कियों को स्कूल-कॉलेज और यूनिवर्सिटी ले जाने वाली फ्री बसें बंद की जाएं। लोगों ने उनकी समाज सेवा का गलत नतीजा दिया है। इसलिए सभी 18 बसें बंद कर दी गई हैं।
बलराज कुंडू ने कहा कि उनका मन बहुत दुखी है। उसने समाज सेवा को राजनीति के लिए नहीं चुना था। मगर, कार्यकर्ताओं का कहना है कि कुछ साल नए विधायक को बेटियों के लिए बसें चलाने का मौका दिया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि इन बसों से महम विधानसभा क्षेत्र के करीब 40-42 गांवों की लड़कियां सफर करती हैं। बलराज कुंडू ने 2017-18 में लड़कियों के लिए निशुल्क बसें शुरू की थी। शुरू में 8 बसें चलाई थी और बाद में लगातार बसों की संख्या बढ़ाई गई और अब 18 बसें चल रही थी।
महम से निर्दलीय उम्मीदवार रहीं राधा अहलावत ने कहा कि एक चुनाव हार जाने के बाद ही हजपा प्रत्याशी रहे बलराज कुंडू ने बेटियों के लिए चलाई जा रही बसों को बंद कर दिया है। जबकि हमारा परिवार तो 5 चुनाव हार चुका है, इसके बावजूद उनके पति शमशेर खरकड़ा और वे परिवार के साथ हलके के लोगों की सेवा में लगे रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications