Farmers Tractor rally: पंजाब के बाद हरियाणा में हाई अलर्ट जारी, 3 जिलों में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद
Farmers Tractor rally: हरियाणा। गणतंत्र दिवस पर राजधानी दिल्ली में किसान ट्रैक्टर मार्च के दौरान कई इलाकों में हुई हिंसक घटनाओं को देखते हुए हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मनोज यादव ने राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही राज्य के तीन जिलों सोनीपत, झज्जर और पलवल में 24 घंटे के लि इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। इन जिलों में 27 जनवरी को शाम 5 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।

Recommended Video
डीजीपी मनोज यादव ने हिंसा फैलाने वालों से सख्ती से निपटने के लिए राज्य के सभी पुलिस आयुक्तों, रेंज एडीजीपी/आईजी व जिला पुलिस अधीक्षकों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। खुफिया तंत्र भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बता दें, इससे पहले पंजाब सरकार भी राज्य में हाई अलर्ट जारी कर चुकी है।
डीजीपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस अब किसी तरह का कोई रिस्क नहीं लेगी। प्रदेश में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। उन्होंने कहा कि दंगा करने वालों या अफवाहों के माध्यम से दंगा भड़काने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली में हुए हिंसक प्रकरण के बाद किसान अपने गंतव्य स्थान की ओर लौट रहे हैं। इसके लिए पुलिस को चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहने को कहा गया है। पुलिस सभी लोगों पर नजर रखते हुए उनकी वापिसी को भी सुनिश्चित करेगी।
पंजाब में भी हाई अलर्ट
दिल्ली में हुई हिंसा को देखते हुए मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पंजाब में भी हाई अलर्ट का आदेश दे दिया है। उन्होंने DGP दिनकर गुप्ता को आदेश दिया है कि राज्य में किसी भी प्रकार की हिंसा न हो और लॉ एंड ऑर्डर बरकरार रहे। स्थिति की गंभीरता पर चिंता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान आंदोलन में की गई हिंसा निश्चित रूप से कुछ लोगों द्वारा प्रायोजित थी। इन्हीं लोगों ने दिल्ली पुलिस और किसान संगठनों के बीच आपसी समझौते से निकाले गए ट्रैक्टर मार्च के नियमों का उल्लंघन भी किया। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इन उपद्रवियों ने किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन की भावना को ठेस पहुंचाई। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले और राजधानी के कुछ जगहों पर हुई हिंसक घटनाओं को लेकर उसकी कड़े शब्दों में निंदा की।












Click it and Unblock the Notifications