हरियाणा के हिसार जिले में प्रदर्शनकारी किसानों ने BJP विधायक को बनाया बंधक, धक्कामुक्की के साथ कपड़े भी फाड़े
हिसार, अक्टूबर 05। हरियाणा के हिसार जिले में सोमवार को प्रदर्शनकारी किसानों ने बीजेपी विधायक कमल गुप्ता को घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान कमल गुप्ता को बंधक बना लिया और उनके साथ धक्कामुक्की की। इस दौरान प्रदर्शनकारी किसानों ने कमल गुप्ता के कपड़े तक फाड़ दिए। ये घटना उस वक्त की है जब कमल गुप्ता एक पार्टी मीटिंग के लिए रेस्ट हाउस पहुंचे थे।

विधायक को 1 घंटे तक बनाए रखा बंधक
आपको बता दें कि रेस्ट हाउस में आगामी उपचुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा होनी थी। इसी चर्चा में शामिल होने के लिए कमल गुप्ता रेस्ट हाउस गए थे, लेकिन वहां किसान का एक ग्रुप प्रदर्शन कर रहा था। जैसे ही किसानों ने बीजेपी विधायक को वहां देखा तो प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे और नारेबाजी करते हुए कमल गुप्ता को घेर लिया। इसके बाद करीब 1 घंटे तक किसानों ने विधायक को बंधक बनाकर रखा। बाद में पुलिस ने पहुंचकर कमल गुप्ता को किसानों के चंगुल से छुड़ाया।
विधायक को छुड़ाने के लिए पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
पुलिस की टीम जब कमल गुप्ता को छुड़ाने के लिए पहुंची तो उसे भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जब पुलिस की टीम कमल गुप्ता को रेस्ट हाउस से बाहर लेकर आ रही थी तो प्रदर्शनकारी उस वक्त भी कमल गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों ने कमल गुप्ता को गालियां दी और रेस्ट से बाहर तक गाड़ी का पीछा भी किया।
घटना के बाद मीडिया से क्या बोले कमल गुप्ता?
इस पूरी घटना के बाद विधायक कमल गुप्ता ने अपने आवास पर पहुंचकर मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें रेस्ट हाउस में पहले किसानों की मौजूदगी के बारे में पता नहीं था। अगर उन्हें पता होता तो सावधानी से जाते। कमल गुप्ता ने बताया कि जब मुझे बंधक बनाया गया तो प्रदर्शनकारियों ने मेरे साथ मारपीट भी की। इस दौरान मेरा कुर्ता भी फाड़ दिया। मेरे साथ लगातार धक्कामुक्की होती रही। कमल गुप्ता ने मीडिया को बताया कि अभी उन्होंने इस घटना को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है और ना ही कराएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को भड़काने की साजिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications