JJP प्रदेशभर में 20 अक्टूबर चलाएगी सदस्यता अभियान, 5 लाख नए सदस्य बनाने का रखा लक्ष्य
जननायक जनता पार्टी (JJP) 20 अक्टूबर से लेकर 30 नवंबर तक प्रदेशभर में सदस्यता अभियान चलाएगी। सवा महीने चलने वाले इस अभियान के जरिए जेजेपी ने प्रदेशभर में 5 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। पंचकुला में जेजेपी की हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी ने सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार, संगठन मजबूती, राजस्थान चुनाव, लोकसभा चुनाव तैयारी सहित कई विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
बैठक में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी पदाधिकारी 15 नवंबर तक संगठन निर्माण के कार्य को पूरा करें। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर तक सभी जिलों और 15 नवंबर तक सभी हलकों में संगठन का गठन हो जाना चाहिए। कहा कि पार्टी की स्थापना के बाद जेजेपी तीसरी बार पुनर्गठन कर रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी में मेहनती कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां मिलने से जेजेपी का संगठन मजबूत बना है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि जेजेपी ने अब तक सोनीपत, फरीदाबाद और भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में सफल रैलियां की है। कहा कि 5 नवंबर को कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की रैली विधायक रामकरण काला के विधानसभा क्षेत्र शाहाबाद में की जाएगी।
डिप्टी सीएम ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाने बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सीकर में हुई जेजेपी की सफल रैली के लिए पार्टी पदाधिकारियों को बधाई दी। साथ ही, कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने सीकर में ऐतिहासिक रैली करके यह दर्शाया है कि जेजेपी देश के किसी भी कोने में बड़ा आयोजन करने की क्षमता रखती है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि जेजेपी राजस्थान में 25 से 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। कहा कि वहां जल्द प्रत्याशियों की प्रथम सूची जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उम्मीदवारों की चुनाव की तैयारी में मदद के लिए पार्टी पदाधिकारियों की वहां जिम्मेदारियां लगाई जाएगी।
बैठक में जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने भी पार्टी पदाधिकारियों को संगठन मजबूती बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि पदाधिकारी पार्टी के प्रचार-प्रसार पर जोर दें। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। इस दौरान डिप्टी सीएम ने सभी नवनियुक्त हलका अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र सौंपे और उन्हें शुभकामनाएं दी।












Click it and Unblock the Notifications