सोशल मीडिया पर रील्स बनाने से रोकना पड़ा महंगा! महिला ने प्रेमी संग मिलकर पति की कर दी हत्या, नाले में मिला शव
Haryana Crime News: सोशल मीडिया पर रील्स और फॉलोअर्स के पीछे भागना आजकल आम बात हो गई है, लेकिन हरियाणा के हिसार से सामने आई ये कहानी रोंगटे खड़े कर देने वाली है। जहां एक महिला, जो खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कहती थी, ने अपने पति की इसलिए जान ले ली क्योंकि वह उसके इंस्टाग्राम दोस्त के साथ बनते रिश्ते में रुकावट बन रहा था।
वीडियो बनाने के बहाने शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई और फिर एक दिन वो हद पार हो गई, जब महिला ने अपने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी। इस पूरी साजिश की परतें तब खुलीं जब पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई। पूरा मामला एक तरफ सोशल मीडिया की अंधी दौड़ दिखाता है, तो दूसरी तरफ रिश्तों के टूटते विश्वास की कहानी भी बयां करता है।

सोशल मीडिया की दोस्ती बनी जानलेवा रिश्ता
हरियाणा के हिसार जिले की रहने वाली 32 साल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रवीना ने अपने प्रेमी सुरेश के साथ मिलकर अपने पति प्रवीण की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, रवीना और सुरेश की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी और दोनों साथ मिलकर रील्स व शॉर्ट वीडियो बनाते थे।
ये भी पढ़ें: मुस्कान को अब जेल में मिलेगी 'स्पेशल फैसिलिटी', अलग बैरक, खास डाइट और भी बहुत कुछ, क्यों लिया गया ये फैसला
परिवार की नाराजगी भी नहीं रोक सकी रील्स का जुनून
रवीना के पति और उनके ससुराल वाले इस रिश्ते और वीडियो बनाने के खिलाफ थे। इसके बावजूद रवीना ने सुरेश के साथ वीडियो बनाना जारी रखा। करीब डेढ़ साल में रवीना ने इंस्टाग्राम पर 34,000 से ज्यादा फॉलोअर्स बना लिए थे। वहीं यूट्यूब पर भी वह कई कलाकारों के साथ दिखाई दीं।
शादीशुदा जीवन में कलह, शराब की लत से जूझता था पति
रवीना, जोड़ी गांव (रेवाड़ी) की रहने वाली है, जबकि उसका पति प्रवीण भिवानी के पास गूजरों की ढाणी का निवासी था। प्रवीण एक रेत-बजरी की दुकान में ड्राइवर था और शराब की लत से परेशान था। दोनों के बीच पहले से ही अनबन चल रही थी।
आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने पर किया कत्ल
25 मार्च को प्रवीण ने अपनी पत्नी रवीना और सुरेश को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। गुस्से में हुए झगड़े के दौरान रवीना और सुरेश ने मिलकर प्रवीण का गला दुपट्टे से घोंट दिया। इसके बाद उन्होंने शव को छुपाने की योजना बनाई।
रात 2:30 बजे शव को नाले में फेंका
रात के समय, रवीना और सुरेश ने प्रवीण के शव को बाइक पर रखकर घर से लगभग 6 किलोमीटर दूर एक नाले में फेंक दिया। CCTV फुटेज में देखा गया कि दोनों बाइक पर निकले थे-सुरेश ने हेलमेट पहना था और रवीना ने चेहरा ढक रखा था। शव उनके बीच में था। दो घंटे बाद वे बिना शव के लौटते नजर आए।
तीन दिन बाद मिला शव, पूछताछ में कबूला जुर्म
28 मार्च को पुलिस को एक सड़ा-गला शव मिला, जिसकी पहचान प्रवीण के रूप में हुई। जांच में जुटी पुलिस को CCTV फुटेज से सुराग मिले। पूछताछ में रवीना ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मासूम बेटे को परिवार का सहारा
इस घटना से छह साल का मासूम बेटा पूरी तरह टूट गया है। अब वह अपने दादा और चाचा के साथ रह रहा है। परिवार के लिए यह घटना बेहद दर्दनाक है।
कुछ दिन पहले मेरठ में भी हुआ था ऐसा ही सनसनीखेज मामला
यह मामला उस खौफनाक घटना के कुछ ही दिनों बाद सामने आया है, जिसमें मेरठ में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। शव के टुकड़े करके सीमेंट से भरे ड्रम में बंद कर दिया गया था।
ये भी पढ़ें: मेरठ हत्याकांड: 'अगर बच्चा सौरभ का हुआ तो...', मुस्कान रस्तोगी की प्रेग्नेंसी पर क्या बोले उसके ससुराल वाले?












Click it and Unblock the Notifications