मुस्कान को अब जेल में मिलेगी 'स्पेशल फैसिलिटी', अलग बैरक, खास डाइट और भी बहुत कुछ, क्यों लिया गया ये फैसला
Meerut case Muskan Rastogi: मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड में जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी को अब खास सुविधाएं मिलने वाली हैं। पति सौरभ की 'कातिल' मुस्कान की प्रेग्नेंसी रिपोर्ट सामने आने के बाद जेल में उसे 'स्पेशल फैसिलिटी' दिए जाने की तैयारी चल रही है। अब मुस्कान को जेल के अलग बैरक (सेल) में शिफ्ट किया जा रहा है। जहां उसके स्पेशल डाइट और खान-पान का खास ध्यान रखा जाएगा। वहीं रूटीन चेकअप की सुविधा भी दी जाएगी।
मुस्कान लगभग 6 हफ्ते (डेढ़ महीना) की गर्भवती है। जेल मैन्युअल के नियमों के मुताबिक गर्भवती महिला कैदियों को जेल में एक अलग सेल में रखा जाता है और प्रेग्नेंसी को देखते हुए उसकी हर जरूरतों का ध्यान रखा जाता है। ऐसे में अब मुस्कान को भी जेल में स्पेशल ट्रीममेंट मिलेगा। मुस्कान के साथ-साथ जेल की अन्य कैदी संगीता को भी उसी बैरक में रखा जाएगा।

मुस्कान और संगीता दोनों अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट गर्भवती पाई गई हैं। दोनों की रिपोर्ट शनिवार 12 अप्रैल को जेल प्रशासम को मिली है। अब जेल मैन्युअल और डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक मुस्कान और संगीता को स्पेशल डाइट, जरूरी दवाएं और सारी मेडिकल सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
मुस्कान की प्रेग्नेंसी रिपोर्ट पर क्या बोले मेरठ जेल के अधीक्षक?
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने कहा कि मुस्कान को दिन में पहले एक मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विभाग में ले जाया गया था, जहां अल्ट्रासाउंड से पुष्टि हुई कि वह चार से छह सप्ताह की गर्भवती है। उसकी पहले एक प्रारंभिक चिकित्सा जांच हुई थी, जिसमें गर्भावस्था की संभावना का संकेत मिला था। अल्ट्रासाउंड से अब इसकी पुष्टि हो गई है।"
डॉ. शर्मा ने कहा,
"अब गर्भवती कैदियों के लिए दिशा-निर्देशों के मुताबिक उसका (मुस्कान) इलाज और देखभाल की जाएगी, जिसमें नियमित मेडिकल चेकअप, पोषण संबंधी सहायता और विशेषज्ञों द्वारा उसके स्वास्थ्य की निगरानी शामिल है।"
मुस्कान की प्रेग्नेंसी की खबर सामने आने के बाद भी नहीं मिलने आए परिवार वाले
मुस्कान की प्रेग्नेंसी की खबर सामने आने के बाद भी उसके माता-पिता या परिवार का कोई भी सदस्य उससे मिलने नहीं आया है। मुस्कान की मां कविता रस्तोगी पहले ही कह चुकी है कि उसकी बेटी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए...उसका अपनी बेटी से अब कोई लेना-देना नहीं है। मुस्कान की प्रेग्नेंसी पर फिलहाल माता-पिता ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। वहीं सौरभ राजपूत के परिवार का कहना है कि मुस्कान के पेट में पल रहा है बच्चा...अगर सौरभ का हुआ तो वह उसका पालन-पोषण करेंगे।
मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर की पति की हत्या
मुस्कान रस्तोगी को उसके प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ 19 मार्च को उसके पति सौरभ राजपूत की नृशंस हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। मुस्कान और साहिल दोनों ने कथित तौर पर सौरभ की हत्या कर दी, उसके शरीर को चार टुकड़ों में काट दिया और शव को सीमेंट से भरे ड्रम में छिपा दिया। हत्या के बाद मुस्कान और साहिल घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश गए। दावा किया जा रहा है कि जहां दोनों ने एक मंदिर में शादी की है। मुस्कान और साहिल दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी रहने तक दोनों न्यायिक हिरासत में हैं।












Click it and Unblock the Notifications