मेरठ हत्याकांड: 'अगर बच्चा सौरभ का हुआ तो...', मुस्कान रस्तोगी की प्रेग्नेंसी पर क्या बोले उसके ससुराल वाले?
Meerut Muskan Rastogi: उत्तर प्रदेश के मेरठ में अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या करने की आरोपी मुस्कान रस्तोगी प्रेग्नेंट है। प्रेग्नेंसी की पुष्टि होने के एक दिन बाद अब सौरभ राजपूत के परिवार वाले यानी मुस्कान के ससुराल वालों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सौरभ राजपूत के परिवार ने कहा है कि अगर ये बच्चा सौरभ का हुआ तो वह बच्चे को गोद लेना चाहेंगे।
सौरभ के भाई बबलू राजपूत ने कहा कि मुस्कान के गर्भ में पल रहा बच्चा सौरभ राजपूत का हुआ तो...वह बच्चे का पालन-पोषण करेंगे। इस चर्चाओं के बीच मुस्कान रस्तोगी के डीएनए टेस्ट की भी मांग की जा रही है। ऐसा हो सकता है कि ये बच्चा सौरभ की जगह साहिल शुक्ला का भी हो सकता है क्योंकि सौरभ की हत्या के बाद दोनों ने शादी करने का दावा किया है।

बबलू राजपूत ने मीडिया से कहा, "अगर बच्चा मेरे भाई सौरभ का है, तो हम बच्चे को गोद लेंगे और उसका पालन-पोषण करेंगे।'' मुस्कान और साहिल दोनों ही सौरभ राजपूत की कथित हत्या में शामिल होने के कारण मेरठ जिला जेल में अलग-अलग बैरक में बंद हैं।
राजपूत को 4 मार्च को उसकी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेरहमी से चाकू घोंपकर मार डाला था। बाद में दोनों ने उसके शरीर को कई टुकड़ों में काट दिया और उसे घर में सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपा दिया।
मुस्कान रस्तोगी की प्रेग्नेंसी पर क्या बोले डॉक्टर?
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कटारिया ने सोमवार (07 अप्रैल) को पुष्टि की थी कि मुस्कान की प्रारंभिक जांच की गई थी, जिसमें उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई थी। जेल प्रशासन ने बताया कि साहिल की नानी पुष्पा सोमवार को उससे मिलने जेल गई थीं, लेकिन मुस्कान के परिवार से अभी तक कोई उससे मिलने नहीं आया है।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि मुस्कान का अब अल्ट्रासाउंड कराया जाएगा, ताकि गर्भावस्था की पुष्टि हो सके और यह पता चल सके कि यह कितने दिन का है।
यह पूछे जाने पर कि क्या मुस्कान को गर्भावस्था की जानकारी दी गई है? डॉ. वीरेश राज शर्मा ने कहा कि हो सकता है कि उसे जेल के डॉक्टर ने बताया हो, लेकिन अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट आने के बाद ही जेल प्रशासन इसकी पुष्टि करेगा। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था और स्वास्थ्य परीक्षण सभी महिला कैदियों के लिए नियमित हैं और मुस्कान का परीक्षण इस मानक प्रक्रिया का हिस्सा था।
डॉ. वीरेश राजशर्मा ने कहा कि अभी तक डॉक्टरों की ओर से गर्भावस्था के बारे में केवल मौखिक जानकारी ही मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि अल्ट्रासाउंड से गर्भावस्था की स्थिति और समय दोनों स्पष्ट हो सकेंगे।
जेल सूत्रों ने बताया कि मुस्कान सिलाई का काम करती है, जबकि साहिल को खेती का काम सौंपा गया है। दोनों को नशा मुक्ति केंद्र द्वारा संचालित पुनर्वास कार्यक्रम में भी शामिल किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications