तबलीगी जमात पर बोले हार्दिक- 1 गलती पर गाली देते हो, वो दूसरों के लिए खून दे रहे हैं, क़ाबिले तारीफ़ हैं
अहमदाबाद। कोरोना वायरस से मचे कोहराम के बीच कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने तबलीगी जमात की तारीफ में ट्वीट किया। हार्दिक ने रविवार को लिखा- एक गलती पर तुरंत गाली देते हो, लेकिन सराहनीय कार्य पर प्रशंसा ज़रूर करें। तब्लीगी जमात के लोगों ने एक नेक काम किया है। हरियाणा में झज्जर हॉस्पिटल में 129 मरीज़ ठीक हो गए, उनमें से कई अब दूसरे मरीज़ों की प्लाज़्मा थेरेपी के लिए अपना खून देने को तैयार हैं। ये क़ाबिले तारीफ़ हैं।'

हरियाणा के झज्जर में भर्ती कोरोना मरीजों पर बोले हार्दिक
ज्ञातव्य है कि, एक दो रोज पहले ही झज्जर के सलौधा गांव में रहने वाला दिल्ली पुलिस का एक जवान कोरोना पॉजिटिव निकला। उस जवान की ड्यूटी दिल्ली के जहांगीर पुरी इलाके में थी। जिसे दिल्ली एम्स के अंतर्गत आने वाले झज्जर के बाढ़सा कैंसर इस्टीट्यूट के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया। जबकि, उसके गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां सर्वे भी किया। इसी बीच यह खबर आई कि, झज्जर के हॉस्पिटल में भर्ती कई मरीज कोरोना के संक्रमण से मुक्त हो गए हैं। वे कई अन्य गंभीर मरीजों के लिए अपना प्लाज्मा डोनेट करेंगे। जिनमें अधिकतर जमातिए हैं। हार्दिक का बयान इन्हीं को लेकर आया है।

कांग्रेस नेता ने गुजरात सरकार पर लगाए यह आरोप
हार्दिक पटेल ने इससे पहले गुजरात में तेजी से फैल रहे संक्रमण पर भी ट्वीट किया था। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों की टेस्ट संख्या कम करने की खबरों के बीच आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर इसलिए कम टेस्ट करा रही है, ताकि मरीज न मिलें। हार्दिक बोले- 'यह मोदी का झूठा गुजरात मॉडल है।' उन्होंने आगे कहा, ''गुजरात कोरोना मरीज़ों की संख्या में देश में पहले स्थान पर ना पहुँचे, इसी वजह से गुजरात सरकार ने फ़ैसला किया है कि टेस्टिंग की संख्या कम कर दी जाएगी। बस इसी तरह झूठ और फ़रेब दिखाकर मेरे भारत को भाजपा ने ठगा है।'

कोरोना संक्रमितों की संख्या यहां 300 से कुछ ही कम
देश में कोरोना मरीजों के तेजी से बढ़ते आंकड़े आए रोज डरा रहे हैं। हरियाणा की बात करें, तो सूबे की सरकार इसके संक्रमण को फैलने से रोकने में काफी हद तक सफल रही है। यहां अब तक मिले कुल मरीजों में से आधे से ज्यादा को ठीक किया जा चुका है। हालांकि, साथ ही कोरोना के नए मामले भी सामने आ रहे हैं। शनिवार रात से रविवार दोपहर 1 बजे तक सात नए मरीज मिले। जिनमें से 4 मरीज पानीपत में, दो मरीज हिसार में और 1 मरीज सोनीपत में मिला है। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 294 पहुंच गया है।












Click it and Unblock the Notifications