'रेलवे में नौकरी लगवाकर बनवा देगें टीटीई', 4 बेरोजगार युवकों से ठगे 30 लाख
Hardoi news, हरदोई। यूपी के हरदोई के कोतवाली देहात इलाके के शातिर ठगों ने चार बेरोजगार युवकों से रेलवे व सूचना विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। सिर्फ इतना ही नहीं ठगों ने एक युवक को तो फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया था। पर बावजूद इसके न तो बेरोजगारों को रोजगार मिला और न ही रुपये वापस मिले। इन सभी ने पुलिस से मामले में कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल इन सभी बेरोजगारों को कोतवाली देहात इलाके के शिवम शर्मा, मनीष शर्मा व दिव्या सिंह और सतीश शर्मा ने ठगी का शिकार बनाया है। ठगी का शिकार हुए रघुनाथ पुत्र गुरुबक्स ने अपनी शिकायत में कहा कि आरोपी मनीष कुमार सहित 4 लोगों ने उसे टीटीई की नौकरी दिलाने के बदले 10 लाख रुपये ठग लिए। रघुनाथ ने 11 लाख रुपये का अपना प्लॉट बेंचकर इन ठगों को रूपये दिए थे।

इसी तरह कोतवाली शहर इलाके के न्यू सिविल लाइंस निवासी हिमांशू पांडेय से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में क्लर्क की नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख 40 हजार रुपये लिए गए। हिमांशू ने कर्ज पर पैसा लेकर इन ठगों को दिए थे। इनके अलावा 2 लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की गई। इन लोगों से ठगों ने कई बार में करके नगद पैसा लिया और बताया कि जल्द ही सबकी नौकरी लग जाएगी। काफी दिनों तक पीड़ित नौकरी की आस लगाए बैठे रहे लेकिन जब नौकरी नहीं मिली तो वह सब अपने रुपये वापस मांगने लगे, जिसपर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
सीओ सिटी विजय राणा ने बताया कि प्रकरण में जांच कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं पीड़ित का कहना है कि अगर उन्हें न्याय न मिला तो उनके पास आत्मदाह के अलावा कोई अन्य विकल्प नही बचेगा।
ये भी पढ़ें: Union Bank SO Recruitment: यूनियन बैंक में SO पदों पर आज से शुरू हुए आवोदन, ऐसे करें अप्लाई












Click it and Unblock the Notifications