हरदोई में बीजेपी पर बरसे अखिलेश यादव, कहा- उससे बड़ा झूठ कोई नहीं बोल सकता
हरदोई में बीजेपी पर बरसे अखिलेश यादव, कहा- उससे बड़ा झूठ कोई नहीं बोल सकता
हरदोई, 02 सितंबर: सपा अध्यक्ष व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी गुमराह करती है और उससे बड़ा झूठ कोई नहीं बोल सकता है। भाजपा राज में सभी बुरी तरह परेशान हैं। जनता से जो भी वादे किए गए, वो साढ़े चार साल में भी पूरे नहीं हुए। जनता इस बार भाजपा को हटाने के लिए तैयार है।

अखिलेश यादव बुधवार (01 सितबंर) को हरदोई में एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप के पिताजी सियाराम कश्यप के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसान दुःखी है उसकी आय दोगुनी नहीं हुई, नौजवान की नौकरियां छूट गईं। नोटबंदी और जीएसटी की वजह से व्यापारी परेशान है। जनता को गरीब के लिए जो व्यवस्था करनी थी वह भाजपा सरकार ने नहीं की। कोरोना संकट के समय जब जनता को सरकार की मदद की सबसे ज्यादा जरूरत थी तब भाजपा सरकार ने लोगों को अनाथ छोड़ दिया।
यादव ने कहा भाजपा राज में कोविड संक्रमण के दौर में लोग अपने आप दवा ढूढ़ते रहे। अस्पतालों में मरीजों को बेड नहीं मिले। ऑक्सीजन के अभाव में तमाम लोगों की जाने चली गई। आम जनता से भाजपा सरकार ने धोका किया है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर किसान पर मंहगाई लाद दी गई है। बिजली मंहगी हो गई है। किसान ऐसे में आगे नहीं बढ़ सकता है। कहा कि जिन संस्थानों में नौकरियां मिल सकती थीं उन्हें बेचा जा रहा है। सरकारी कारखाने बिक रहे हैं।
उन्हें मामूली पैसों में उद्योगपतियों के हाथ बेचा जा रहा है। राष्ट्रीय सम्पत्ति बेचने वाली सरकार गरीब की सरकार नहीं हो सकती। भाजपा सरकार उद्योग पतियों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। सरकारी कम्पनियों के खत्म होने से आरक्षण का लाभ भी पिछड़ों, दलितों और गरीबों को नहीं मिल सकेगा। संविधान उन्हें जो अधिकार देता है वे भी हासिल नहीं हो पाएंगे। यादव ने कहा कि 2022 में प्रदेश में भारी बहुमत से समाजवादी सरकार बनेगी। भाजपा इससे डरी हुई है। भाजपा के प्रति जनाक्रोश बढ़ रहा है। आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को हार का निश्चित ही सामना करना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications