बच्चों को खेत में मिले 3 हैंडग्रेनेड, खिलौना समझ कर ले आए घर, परिजनों की नजर पड़ते ही मच गई भगदड़
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां खेत में खेल रहे बच्चों को अचानक 3 हैंडग्रेनेड पड़े मिले, जिन्हे खिलौना समझ कर बच्चे अपने घर ले आए। जब परिजनों की नजर इन हैंडग्रेनेड पर पड़ी तो भगदड़ मच गई। आनन-फानन में परिजनों ने तीनों हैंडग्रेनेड को वापस खेत में ही रख दिया और पुलिस को सूचना दी।
खेत में बच्चों को मिले 3 हैंडग्रेनेड
बता दें कि यह पूरा मामला हरदोई जिले के लोनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नाऊनगला गांव का है। यहां एक आम का बाग है। इस बाग में खेती भी होती है। बाग में शुक्रवार शाम कुछ बच्चे धरती के फूल खोद रहे थे। तभी अचानक बच्चों को तीन हैंडग्रेनेड मिले। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने हैंडग्रेनेड की जांच की और इन्हें कब्जे में ले लिया। कोतवाल विनोद यादव के मुताबिक तीनों हैंडग्रेनेड में जंग लगी हुई थी और इनमें से एक की पिन भी खुली थी।

2 माह पूर्व झाँसी में भी मिले थे 4 हैंडग्रेनेड
गौरतलब ही 3 जुलाई 2023 को यूपी के ही झाँसी में चार हैंडग्रेनेड मिलने की खबर से सनसनी फैल गई थी। ये चारों बम एक कूड़े के ढेर में पड़े हुए थे, जिनकी सूचना वहां के स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई थी। जिसके बाद उच्चाधिकारियों समेत बम निरोधक दस्ता तत्काल मौके पर पहुंच था और जगह को सील कर बम को डिफ्यूज किया गया था। दो महीने के भीतर ये दूसरा मामला है जिसमे इस तरह से हैंडग्रेनेड मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications