एमपी: अमित शाह के कार्यक्रम के लिए सिंधिया ने डाला ग्वालियर में डेरा
ग्वालियर में सिंधिया ने डाला डेरा, अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं सिंधिया, दो दिन से ग्वालियर में मौजूद हैं सिंधिया, कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर देख रहे हैं तैयारियां
ग्वालियर, 13 अक्टूबर। 16 अक्टूबर को अमित शाह के ग्वालियर दौरे को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में डेरा डाल दिया है। बीते 2 दिन से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर में मौजूद हैं और वे अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों का लगातार जायजा ले रहे हैं। खुद हर एक एक तैयारी को देख रहे हैं और कमियां मिलने पर अधिकारियों को निर्देशित कर रहे हैं। गुरुवार को भी सिंधिया कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया।

मेला मैदान में किया जाएगा कार्यक्रम का आयोजन
मेला मैदान में नए टर्मिनल के शिलान्यास का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए 16 अक्टूबर को ग्वालियर आएंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया काफी गंभीर हैं और वे पिछले 2 दिन से ग्वालियर में जमे हुए हैं। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मेला मैदान में पहुंचे। यहां उनके साथ जिला प्रशासन के सभी अधिकारी मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मेला मैदान में हो रहे कार्यक्रम की तैयारियों को देखा। जहां उन्हें कमी लगी वहां उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया।

जय विलास पैलेस भी पहुंचेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने ग्वालियर दौरे के दौरान जय विलास पैलेस भी पहुंचेंगे। यहां वे सिंधिया के महल में पहुंचकर एक गैलरी का भी शुभारंभ करेंगे। यह गैलरी मराठा साम्राज्य और इतिहास को लेकर बनाई गई है। इस गैलरी में मराठा राजवंश के इतिहास के बारे में बताया जाएगा और मराठा राजवंश की कई महत्वपूर्ण जानकारियां इस गैलरी के माध्यम से दी जाएंगी।

प्रदेश और देश स्तर पर मिलेगी ग्वालियर को पहचान
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मेला मैदान में होने जा रहे नए एयर टर्मिनल कार्यक्रम को लेकर कहा है कि ग्वालियर को एक ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है, इसी को ध्यान में रखते हुए इस आयोजन को भव्य रुप दिया जा रहा है। सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर में न केवल एयर टर्मिनल का विस्तार होने जा रहा है बल्कि यहां एलिवेटेड रोड का भी निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही साथ 1000 बिस्तर के अस्पताल समेत इस शहर की रेलवे कनेक्टिविटी और सड़कों के आधुनिकरण को लेकर भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

पीले चावल बांटकर किया जा रहा है जनता को आमंत्रित
सिंधिया के साथ ही सिंधिया समर्थक मंत्री भी इस कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहें हैं। सिंधिया समर्थक ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर शहर भर में पीले चावल बांटकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। कुल मिलाकर सिंधिया और उनके समर्थक इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साहित हैं।












Click it and Unblock the Notifications