कोलकाता और भोपाल-जबलपुर की फ्लाइट सेवा का खस्ताहाल देखते हुए सिंधिया ने जताई चिंता
ग्वालियर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर से शुरु की गई हवाई सेवा पर बयान दिया, सिंधिया ने कांग्रेस पर निशाना साधा और बंहागी खुर्द में मृतक कांवड़ियों के परिजनों तो ढांढस बंधाया
ग्वालियर, 13 अगस्त। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर से शुरू की गई ग्वालियर-कोलकाता और ग्वालियर-जबलपुर-भोपाल की फ्लाइट सेवा की खस्ताहाल को लेकर चिंता व्यक्त की है। इसके साथ ही साथ उन्होंने कांग्रेस की मानसिकता को लेकर भी सवाल खड़े किए है। ग्वालियर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बहांगी खुर्द गांव में भी पहुंचे और यहां उन्होंने मृतक कांवड़ियों के परिजनों से शोक संवेदना व्यक्त की।

ग्वालियर के 2 दिन के प्रवास पर है ज्योतिरादित्य सिंधिया
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर के 2 दिन के प्रवास पर हैं। शनिवार को तय कार्यक्रम के तहत सिंधिया ग्वालियर पहुंच गए। ग्वालियर पहुंचते ही एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया है। यहां उन्होंने मीडिया से चर्चा भी की। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कई अहम मुद्दों पर अपने बयान दिए।

कांग्रेस की मानसिकता पर उठाए सवाल
सिंधिया ने मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस की मानसिकता पर भी सवाल उठाए। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जब राम मंदिर की आधारशिला रखी जा रही थी तो कांग्रेसी नेता काले कपड़े पहने हुए थे। यह कांग्रेसियों की मानसिकता को दर्शाता है।

बीजेपी की टोली को बताया जनसेवकों की टोली
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीजेपी की टोली को जनसेवकों की टोली बताया। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुसार बीजेपी की टोली काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की टोली जनसेवकों को की टोली है और इस टोली पर 2023 में भी जनता अपना विश्वास जरूर दिखाएगी।

ग्वालियर की दो हवाई सेवा को लेकर भी जताई सिंधिया ने चिंता
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर से भोपाल-जबलपुर और ग्वालियर से कोलकाता के लिए शुरू की गई हवाई सेवा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ग्वालियर के लिए 10 फ्लाइट सेवा शुरू की गई है। इनमें से सबसे कम लोड ग्वालियर से भोपाल-जबलपुर और ग्वालियर से कोलकाता की फ्लाइट में है। ग्वालियर वासियों के लिए फ्लाइट सेवा शुरू की गई है। ग्वालियर वासियों को ही इस पर विचार करना चाहिए।

बहांगी खुर्द पहुंचकर मृतकों के परिजनों से व्यक्त की संवेदनाएं
केंद्र मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बहांगी खुर्द गांव में भी पहुंचे। बंहागी खुर्द क 6 लोगों की हाथरस में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। यह सभी लोग कांवर भरने के लिए गए हुए थे। सभी छह मृतक कावड़ियों के परिजनों से ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुलाकात की और उनसे अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया।












Click it and Unblock the Notifications