दूध की वजह से हो गया इस जिले का नाम खराब, हाई कोर्ट ने भी जताई चिंता
ग्वालियर हाई कोर्ट ने मुरैना की छवि को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कलेक्टर को कार्रवाई करने के निर्देश दिए है
ग्वालियर, 19 जुलाई। चंबल के मुरैना जिले का नाम मिलावटी दूध की वजह से इतना खराब हो गया है कि ग्वालियर हाई कोर्ट ने मुरैना की छवि को लेकर चिंता जाहिर की है। एक याचिका की अवमानना पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने मुरैना जिले की छवि पर चिंता जताते हुए मुरैना कलेक्टर को निर्देशित किया कि वे मिलावटी दूध के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए कार्रवाई करें।

मुरैना मे देशभर मे जाती है मिलावटी दूध से बनी खाद्य सामाग्री
मुरैना जिले में मिलावटी दूध का कारोबार बढ़े पैमाने पर होता है। मिलावटी दूध से बने खाद्य पदार्थ जैसे घी, पनीर, मावा की सप्लाई पूरे देश में की जाती है। त्योहारों के समय ये सप्लाई कई गुना बढ़ जाती है। देश के अलग अलग हिस्सों में मुरैना में बनाया गया मिलावटी खाद्य पदार्थ सप्लाई होता है। जानकारी के अभाव मे भोलेभाले ग्राहक इन मिलावटी खाद्य पदार्थों को खरीद कर उसका सेवन करते हैं और अपनी जान जोखिम में डालते हैं।
कई बार पकड़ा जाता है मिलावटी खाद्य पदार्थ
मुरैना जिले में बनने वाले मिलावटी खाद्य पदार्थ को कई बार पकड़ने की कार्रवाई की जा चुकी है लेकिन मिलवाटखोर माफिया इस धंधे को बंद करने की बजाय इसे और ज्यादा बढ़ाते जा रहे हैं। मिलावटी खाद्य पदार्थों की वजह से पूरे देश में चंबल के मुरैना जिले की छवि खराब हो रही है। इस मिलावट के कारोबार को रोकने के लिए ग्वालियर हाई कोर्ट में एक याचिका लगाई गई थी। याचिका पर सुनवाई करने के बाद हाई कोर्ट ने मिलावटी दूध और उससे बने उत्पादों पर रोक लगाने का आदेश दिया था।
आदेश की अवमानना पर हुई सुनवाई
हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद मुरैना में मिलावट का कारोबार बंद नहीं हुआ। इसके बाद एडवोकेट उमेश बोहरे द्वारा आदेश की अवमानना का मामला हाई कोर्ट मे ले जाया गया। हाई कोर्ट ने अवमानना के मामले पर सुनवाई करते हुए मुरैना की छवि को लेकर चिंता जताई। इस पर कलेक्टर मुरैना ने हाई कोर्ट को बताया कि प्रशासन द्वारा लगातार सेंपल लेने की कार्रवाई की जा रही है। इस पर कोर्ट ने असंतोष जाहिर करते हुए कलेक्टर को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर मिलावट हो रही है, उन स्थानों की रिपोर्ट दें। हाई कोर्ट ने ये भी कहा कि अधिकारियों टीम बनाएं और उस टीम की मदद से गुप्त तरीके से मिलावट करने वालों का पता लगाएं।












Click it and Unblock the Notifications