ग्वालियर में कोर्ट पहुंची आटे की लड़ाई, 3 साल बाद भाभी पर हुआ मामला दर्ज
ग्वालियर में देवर और भाभी के बीच आटे की लड़ाई पहुंची कोर्ट, 3 साल बाद कोर्ट ने भाभी पर दिए एफआईआर दर्ज करने के आदेश
ग्वालियर, 7 सितंबर। ग्वालियर में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां देवर और भाभी के बीच की आटे की लड़ाई कोर्ट तक पहुंच गई। 3 साल तक देवर और भाभी एक दूसरे के खिलाफ कोर्ट में केस लड़ते रहे लेकिन 3 साल बाद कोर्ट के आदेश पर भाभी पर मामला दर्ज हो गया। क्या है पूरा मामला आइए आपको बताते हैं।

3 साल पहले हुई थी आटे की लड़ाई शुरु
हजीरा के तिवारी कॉन्प्लेक्स में रहने वाले जयप्रकाश तिवारी और उनकी भाभी शीला तिवारी के बीच 3 साल पहले आटे को लेकर विवाद शुरू हुआ था। 21 अप्रैल 2019 को जयप्रकाश तिवारी का एक बोरी आटा जयप्रकाश की भाभी शीला देवी ने ले लिया था। इसको लेकर जयप्रकाश ने आरोप लगाया था कि उसकी भाभी ने उसका एक बोरी आटा चुरा लिया है।

पुलिस ने नहीं की सुनवाई कोर्ट पहुंचा देवर
देवर और भाभी के बीच आटे को लेकर जंग शुरू हो गई। देवर अपनी भाभी पर आटे की बोरी चोरी करने का आरोप लगाता रहा और भाभी इस बात को सिरे से खारिज करती रही। बात इतनी बढ़ गई कि देवर भाभी को माफ करने के लिए तैयार नहीं था देवर जयप्रकाश तिवारी ने अपनी भाभी को सबक सिखाने के लिए थाने पहुंचकर भाभी के खिलाफ शिकायत करना चाहा लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।

कोर्ट पहुंच गया आटे का मामला
थाने में जयप्रकाश की सुनवाई नहीं हुई तो जयप्रकाश इस मामले को कोर्ट में ले गया। कोर्ट में मामला पहुंचने पर देवर और भाभी कोर्ट में लगातार पेशी पर जाते रहे। मामला चलता गया और समय निकलता गया। पूरे मामले को धीरे-धीरे करके 3 साल का समय बीत गया लेकिन न देवर पीछे हटने तैयार था और न भाभी हार मानने को तैयार थी।

कोर्ट ने दिया मामला दर्ज करने का आदेश
3 साल तक यह मामला कोर्ट में विचाराधीन रहा। इसके बाद जेएमएफसी न्यायालय में इस केस की लगातार सुनवाई के बाद 3 साल बाद कोर्ट ने भाभी पर मामला दर्ज करने का आदेश दे दिया। जयप्रकाश तिवारी की भाभी को उम्मीद थी कि कोर्ट से उन्हें राहत जरूर मिल जाएगी लेकिन कोर्ट ने उनके खिलाफ आटे की बोरी चोरी करने के मामले को लेकर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए।

ग्वालियर थाने में हुआ मामला दर्ज
जेएमएफसी कोर्ट का आदेश लेकर जयप्रकाश तिवारी ग्वालियर थाने पहुंचा। यहां ग्वालियर थाने में जयप्रकाश तिवारी ने कोर्ट के आदेश को पुलिस को दिखाया जिसके बाद ग्वालियर थाना पुलिस ने जयप्रकाश तिवारी को फरियादी बनाया और जयप्रकाश तिवारी की शिकायत पर से जयप्रकाश तिवारी की भाभी और भतीजी पर धारा 380 और 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications