ऊर्जा मंत्री के ही गृह जिले ग्वालियर में मीटर रीडर की हुई जमकर पिटाई
ग्वालियर में मीटर रीडर ब्रजमोहन धाकड़ पर उपभोक्ता ने कर दिया हमला
ग्वालियर, 4 सितंबर। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर के गृह जिले ग्वालियर में ही विद्युत विभाग के कर्मचारियों की हालत बहुत खस्ता है। हालात इतने बदतर हैं कि कोई भी उपभोक्ता कभी भी बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ठुकाई कर देता है। ताजा मामला सिकरवारी मोहल्ले का सामने आया है जहां एक मीटर रीडर को एक उपभोक्ता ने जमकर पीटा।

सिकरवारी मोहल्ले में पहुंचा था मीटर रीडर
विद्युत विभाग में पदस्थ मीटर रीडर ब्रजमोहन धाकड़ सिकरवारी मोहल्ले में मीटर रीडिंग लेकर बिल जनरेट करने के लिए पहुंचा था। यहां जब बृजमोहन अनुराग सिंह के निवास पर लगे हुए मीटर की रीडिंग लेकर बिल जनरेट कर रहा था तभी अनुराग सिंह ने मीटर रीडर बृजमोहन पर हमला कर दिया और उसे जमकर पीटा।

बुरी तरफ पीटता नजर आया अनुराग सिंह
अनुराग सिंह ने मीटर रीडर बृजमोहन को बुरी तरह पीट ना शुरू कर दिया। बीच सड़क पर मीटर रीडर की पिटाई हो रही थी और लोग वीडियो बना रहे थे। अनुराग सिंह का कहना था कि मीटर रीडर गलत रीडिंग लेकर बिल जनरेट कर रहा है।

मीटर रीडर ने कराया थाने में मामला दर्ज
अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत मीटर रीडर ने जनकगंज थाने में की है। जनक गंज थाना पुलिस ने मीटर रीडर की शिकायत पर से अनुराग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है लेकिन खास बात यह है कि इसके बाद अब विद्युत विभाग के कर्मचारी रोशनी घर में धरने पर बैठ गए हैं।

पिछले दिनों सिटी सेंटर इलाके में भी हुआ था हमला
पिछले दिनों सिटी सेंटर इलाके में भी राजस्व वसूली करने पहुंचे जूनियर इंजीनियर पर उपभोक्ता ने हमला कर दिया था। इस हमले में जूनियर इंजीनियर घायल हो गए थे। इसके अलावा कंपू इलाके में स्थित संजय कॉलोनी में बिजली कर्मचारियों के साथ उपभोक्ता द्वारा मारपीट की गई थी। लगातार विद्युत कर्मचारियों के साथ हो रही मारपीट को लेकर विभाग के कर्मचारी लामबंद हो गए हैं।

प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
बार-बार हो रहे बिजली विभाग के कर्मचारियों पर हमले के विरोध में रोशनी घर पर विद्युत विभाग के कर्मचारी धरने पर बैठ गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए जिससे विद्युत विभाग के कर्मचारी सुरक्षित रह सकें। इसके साथ ही साथ जिन जिन लोगों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की है उनको तुरंत गिरफ्तार किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications