ग्वालियर नगर निगम की महापौर की कुर्सी के लिए शुरू हो गई खींचतान
ग्वालियर नगर निगम के महापौर के चुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस के नेता अपनी अपनी पत्नियों के लिए कर रहे हैं टिकिट के लिए प्रयास
ग्वालियर, 5 जून। नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा के बाद अब ग्वालियर नगर निगम की महापौर की कुर्सी के लिए खींचतान शुरू हो गई है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों से तमाम दावेदार महापौर के टिकट के लिए अपनी अपनी दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में जिला अध्यक्ष से लेकर विधायक तक अपनी पत्नियां को चुनाव मैदान में उतारने की जुगत लगा रहे हैं।

ग्वालियर नगर निगम की महापौर सीट अनारक्षित महिला होने के बाद से ही बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल के तमाम नेता अपनी-अपनी पत्नियों को टिकट दिलवाने के लिए जोड़-तोड़ में जुट गए हैं। सांसद विवेक नारायण शेजवलकर के पास भी कई बीजेपी नेता अपनी पत्नियों के लिए टिकट मांगने के लिए पहुंच रहे हैं। इधर कांग्रेस में भी अपने अपने स्तर पर टिकट पाने की कोशिश कांग्रेसी नेताओं द्वारा की जा रही हैं।

ग्वालियर नगर निगम को तीसरी बार महिला महापौर मिलेगी। सबसे पहले 1994 में ग्वालियर की पहली महिला महापौर अरुणा सैन्या बनी थी। इसके बाद ग्वालियर नगर निगम की दूसरी महापौर समीक्षा गुप्ता बनी थी। अब एक बार फिर से अनारक्षित महिला सीट हो जाने की वजह से ग्वालियर को तीसरी महिला महापौर मिलेगी।
महापौर के टिकट की दावेदारी में पूर्व मंत्री का नाम भी है शामिल
बीजेपी पार्टी से महापौर के टिकट के लिए जिन दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं उनमें सबसे पहला नाम मध्य प्रदेश सरकार की पूर्व मंत्री माया सिंह का निकल कर सामने आया है। माया सिंह ग्वालियर नगर निगम में उप महापौर भी रह चुकी हैं। हालांकि माया सिंह के लिए महापौर का पद उपयुक्त नहीं माना जा रहा है क्योंकि वह पूर्व में इससे ज्यादा उच्च पदों पर रह चुकी हैं। बीजेपी में दूसरा नाम समीक्षा गुप्ता का भी निकल कर सामने आ रहा है, लेकिन साल 2018 के विधानसभा चुनाव में समीक्षा गुप्ता ने बीजेपी पार्टी को छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था इस वजह से उनकी राह टिकट के लिए आसान नजर नहीं आ रही है। वहीं तीसरे नाम के रूप में बीजेपी की पूर्व जिला अध्यक्ष खुशबू गुप्ता की भी चर्चा है। इसके अलावा पूर्व पार्षद नीलिमा शिंदे समेत पूर्व पार्षद डॉ अंजलि रायजादा और पूर्व पार्षद हेमलता रामेश्वर भदौरिया के नामों की भी चर्चा है।
कांग्रेस में भी है दावेदारों की लंबी लिस्ट
कांग्रेस में भी टिकट मांगने वाले दावेदारों की लंबी लिस्ट है। कांग्रेस नेत्री रश्मि पवार को महापौर की टिकट के लिए दमदार प्रत्याशी माना जा रहा है। इसके अलावा वर्तमान में ग्वालियर पूर्व विधानसभा से कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार के नाम पर भी विशेष चर्चा चल रही है, जबकि इनके अलावा पूर्व पार्षद गंगा अलबेल घुरैया, कार्यकारी अध्यक्ष बीना भारद्वाज समेत कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा की पत्नी रीमा शर्मा और कांग्रेस नेता अशोक सिंह की पत्नी राजेश रानी सिंह के नाम की भी चर्चा है।












Click it and Unblock the Notifications