एमपी: 'कांग्रेस में अभी भी काम कर रही है सिंधिया की B टीम'-ज्योति सिंह
ग्वालियर में कांग्रेस ने ही दिया कांग्रेस के खिलाफ धरना, गांधी प्रतिमा पर दिया धरना, भारत जोड़ो यात्रा के सह प्रभारी योगेन्द्र तोमर के समर्थन में दिया गया धरना, कांग्रेस नेत्री ज्योति सिंह ने दिया धरना, कांग्रेस में सिंध
ग्वालियर, 12 अक्टूबर। ग्वालियर में कांग्रेस के खिलाफ कांग्रेसी धरने पर बैठ गए। सुनने में आपको थोड़ा अजीब जरूर लग रहा होगा लेकिन यह हकीकत ग्वालियर कांग्रेस की उस राजनीति की है जो इन दिनों शहर में देखने को मिल रही है। कांग्रेस में मचा घमासान अब सड़कों पर भी नजर आने लगा है।

कांग्रेस नेता योगेंद्र तोमर के समर्थन में हुआ धरना शुरू
कांग्रेस नेता और भारत जोड़ो यात्रा के सह प्रभारी योगेंद्र सिंह तोमर के समर्थन में बुधवार को फूल बाग स्थित गांधी उद्यान में गांधी प्रतिमा के नीचे बैठकर कांग्रेसियों द्वारा धरना दिया गया। यह धरना कांग्रेस नेत्री ज्योति सिंह के नेतृत्व में दिया गया। कांग्रेस नेत्री ज्योति सिंह ने धरने के दौरान कुछ कांग्रेसी नेताओं पर गंभीर आरोप भी लगाए।
कांग्रेस में काम कर रही है सिंधिया की B टीम
धरने पर बैठी कांग्रेस नेत्री ज्योति सिंह ने साफ शब्दों में मीडिया के सामने यह बयान दिया है कि कांग्रेस के अंदर अभी भी सिंधिया की बी टीम काम कर रही है और यही सिंधिया की बी टीम कांग्रेस को दीमक की तरह खा रही है जिससे आने वाले चुनावों में कांग्रेस को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
योगेंद्र तोमर के समर्थन में करेंगे आंदोलन
कांग्रेस नेत्री ज्योति सिंह ने कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा के सह प्रभारी योगेंद्र तोमर के खिलाफ जबरन षड़यंत्र करते हुए उन्हें पार्टी से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सिंधिया की बी टीम के लोगों द्वारा जिला अध्यक्ष पर दबाव बनाकर योगेंद्र तोमर का निष्कासन करवाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन अगर ऐसा हुआ तो योगेंद्र तोमर के समर्थन में आंदोलन किया जाएगा।
योगेंद्र तोमर के खिलाफ कांग्रेस कार्यालय में किया गया था प्रदर्शन
भारत जोड़ो यात्रा के सह प्रभारी योगेंद्र तोमर के खिलाफ सोमवार को शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय पर जबरदस्त प्रदर्शन किया गया था। कांग्रेस के तमाम पदाधिकारियों ने प्रदर्शन करते हुए योगेंद्र तोमर को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की थी। पिछले दिनों हुई बैठक में योगेंद्र तोमर द्वारा बैठक के अंदर बंदूकधारी बुलाए जाने के बाद से योगेंद्र तोमर का विरोध पार्टी में लगातार बढ़ता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications