गुरुग्राम में खुले में नमाज के विरोध में गोवर्धन पूजा का हुआ आयोजन, BJP नेता कपिल मिश्रा हुए शामिल
गुरुग्राम, नवंबर 05। राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में खुली जगह में नमाज पढ़ने का विवाद अभी थमा नहीं है। भले ही प्रशासन ने खुले में नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी है, लेकिन सियासी लोग अभी भी इस मुद्दे को जिंदा रखना चाहते हैं। इस बीच बीजेपी नेता कपिल मिश्रा शुक्रवार को गुरुग्राम के सेक्टर 12ए साइट पर आयोजित गोवर्धन पूजा में शामिल होने के लिए पहुंचे। ये जगह वही है, जहां कुछ हफ्ते पहले तक नमाज अदा की जाती थी। इस जगह पर संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति के सदस्यों ने गोवर्धन पूजा का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कपिल मिश्रा भी शामिल हुए। कपिल मिश्रा के अलावा गाजियाबाद में डासना देवी के मुख्य पुजारी यति नरसिंहानंद सरस्वती भी इस आयोजन में शामिल हुए।

नमाज के विरोध में गोवर्धन पूजा का हुआ आयोजन
संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति ने रविवार को ही ये घोषणा कर दी थी कि वो सार्वजनिक स्थानों पर खुले में पढ़ी जाने वाली नमाज के विरोध में गोवर्धन पूजा का आयोजन करेंगे। वहीं मुस्लिम समुदाय के कुछ प्रतिनिधियों ने कहा था कि वो इन जगहों से शिफ्ट होने के इच्छुक हैं बशर्ते प्रशासन उन्हें ऑप्शनल जगह प्रदान करे।
कुछ हफ्ते पहले पढ़ी जाती थी नमाज
आपको बता दें कि गुरुग्राम में सेक्टर 12ए की इस खुली जगह पर कुछ हफ्ते पहले तक नमाज अदा की जाती थी। पुलिस के कड़े पहरे के बीच यहां हर शुक्रवार को नमाज अदा की जाती थी। पिछले 2 हफ्ते से स्थानीय लोगों और कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने यहां खुले में नमाज पढ़ने का विरोध करना शुरू कर दिया था। इसके बाद पिछले महीने ही 26 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था।
आपको बता दें कि गुरुग्राम में हाल ही में प्रशासन ने 8 जगहों पर खुले में नमाज पढ़ने की अनुमति को वापस ले लिया था। ये 8 जगहें थीं- सेक्टर 49 में बंगाली बस्ती, डीएलएफ फएज 3 का वी ब्लॉक, सूरत नगर फेज 1, खेड़की माजरा गांव का बाहरी इलाका, दौलताबाद का बाहरी इलाका, सेक्टर 68 में रामगढ़ गांव के पास, डीएलएफ स्कॉयर टाउन के पास और नखरोला रोड से रामपुर गांव तक।












Click it and Unblock the Notifications