गुजरात में 1 सितंबर से शुरू हो जाएंगी सभी कक्षाएं, इस साल फीस नहीं बढ़ा पाएंगे स्कूल
गांधीनगर। गुजरात सरकार पूरे प्रदेश में सभी स्कूलों को आगामी 1 सितंबर से खोलेगी। 15 अगस्त तक स्कूल बंद रहेंगे, उसके बाद 15 अगस्त के बाद पहले चरण में कॉलेज और कक्षा 10वीं और 12वीं की कक्षाएं शुरू होंगी। फिर, 1 सितंबर से कक्षा 1 से 9 और 11वीं की कक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी। राज्य के शिक्षामंत्री भूपेंद्रसिंह चूड़ासमा ने स्कूल खोले जाने से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए यह बात कही। चूड़ासमा ने यह भी कहा कि, स्कूलों में फीस नहीं बढ़ने दी जाएगी।

स्कूलों के खिलाफ ऐसे कदम उठाए जाएंगे
सरकार ने यह निर्देश भी दिए हैं कि, राज्य में स्कूल इस साल फीस नहीं बढ़ा सकेंगे। साथ ही स्कूल संचालक बच्चों या अभिभावकों पर सितंबर तक फीस भरने का दबाव नहीं डाल सकेंगे। सितंबर महीने तक फीस वसूली का दबाव भी नहीं बना सकेंगे। फीस या अन्य खर्च के लिए दबाव डालने वाले स्कूलों के खिलाफ कदम उठाए जाएंगे।

ट्रांसपोर्टेशन, यूनिफॉर्म के लिए भी नहीं डालेंगे दवाब
साथ ही स्कूल प्रति माह फीस चुकाने की सुविधा देंगे। शिक्षामंत्री ने कहा कि, पाठ्यपुस्तक या अन्य साहित्य, ट्रांसपोर्टेशन, यूनिफॉर्म के लिए भी स्कूल दबाव नहीं डालेंगे। राज्य में स्कूल ट्यूशन फीस के अलावा अन्य खर्च की मांग भी नहीं कर सकेंगे। बच्चों के अभिभावक चाहें तो हर तीन महीने के बदले प्रति माह स्कूल में फीस जमा करा सकेंगे।

शिक्षा विभाग सभी स्कूलों पर नजर रखेगा
शिक्षा मंत्री ने कहा कि, किसी स्कूल ने फीस भरने के लिए यदि बच्चों पर दबाव डाला तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए, राज्य का शिक्षा विभाग सभी स्कूलों पर नजर रखेगा।












Click it and Unblock the Notifications