शराबबंदी ताक पर रख गुजरात ले जाई गई शराब, टैंकर से जब्त हुईं 57 हजार बोतलें
कच्छ। गुजरात में शराब-बीयर का धंधा करने वालों ने सारे नियम-कायदे ताक पर रख दिए हैं। शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब बिक्री और सप्लाई की घटनाएं सामने आ रही हैं। खबर मिली है कि, पुलिस ने कच्छ जिले के सामखियाली क्षेत्र में अब 21 लाख रुपए से ज्यादा कीमत की शराब व बीयर जब्त की है। मौके से एक टैंकर चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई आरआर सेल के निरीक्षक बी.एस. सुथार एवं उनकी टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, गश्ती के दौरान मुखबिर की सूचना पर सामखियाली के समीप निगरानी शुरू की गई थी। वहां जब एक टैंकर को रुकवाया गया तो शराब भरी 57 हजार बोतलें और बीयर भरे 470 टिन जब्त किए गए। जिनकी कीमत 21.10 लाख रुपए बताई गई। इस संबंध में सामखियाली थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि, टैंकर जब्त करने के अलावा मौके से उसके चालक को भी गिरफ्तार किया गया था, उसकी पहचान राजस्थान के सांचोर निवासी गणपतराम विश्नोई के तौर पर हुई है।

इधर, शराब भरे 2016 पाऊच जब्त
गुजरात में ही कंडला-मोरबी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी शराब जब्त की गई है। मोरबी जिले के मालिया-मियाणा गांव के समीप मालिया चेक पोस्ट के निकट मोरबी पुलिस की एलसीबी टीम की सूचना पर पुलिस टीम ने निगरानी के दौरान एक जीप को रोककर तलाशी ली। उस जीप से 2,01,600 रुपए कीमत की शराब मिली। उन पाउच की संख्या 2016 थी।












Click it and Unblock the Notifications