मोदी ने भरी केवडिया से साबरमती तक सी-प्लेन की उड़ान, देश में सबसे पहले यहीं शुरू हुई है ये सेवा
अहमदाबाद। गुजरात में देश की पहली सी-प्लेन सर्विस की शुरुआत केवडिया से साबरमती के बीच हुई है। आज सी-प्लेन में सफर करके खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शुभारंभ किया। मोदी केवडिया स्थित दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट तक सी-प्लेन से ही पहुंचे। उनके यहां पहुंचने से पहले ही सी-प्लेन की सुरक्षा की दृष्टि से केवडिया जलाशय से करीब 100 से ज्यादा मगरमच्छों को अन्य जलाशयों में शिफ्ट किया गया। वहीं, अहमदाबाद को 'नो ड्रोन फ्लाई जोन' घोषित कर दिया गया था।
Recommended Video

205 किलोमीटर है देानों स्टेशनों की दूरी
गुजरात में सी-प्लेन की सेवा शुरू कराने के लिए मालदीव से खास तरह के प्लेन मंगवाए गए थे। जो कि वहां से उड़कर रविवार सुबह केरल के कोच्चि तक पहुंचे थे, जहां से रीफ्यूलिंग के बाद अहमदाबाद लाया गया। इस तरह के विमान को स्पाइसजेट कंपनी ने किराए पर लिया है और वही इसे आॅपरेट करवा रही है। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में बताया गया कि, स्पाइसजेट टेक्निक का ट्विन ओटर-300 सीप्लेन में 12 से ज्यादा यात्री सवार हो सकेंगे। ये सी-प्लेन स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से साबरमती तक उड़ा करेंगे। दोनों के बीच दूरी करीब 205 किलोमीटर है।

मोदी ने पहले भी भरी थी उड़ान
सी प्लेन सेवा भले ही अब जाकर शुरू हो पाई है। मगर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें कई साल पहले ही सफर कर चुके हैं। बता दें कि, सी-प्लेन सर्विस शुरू करने को लेकर स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घोषणा की थी। वर्ष 2017 के गुजरात विधानसभा चुनाव के दरम्यान मोदी ने साबरमती रिवरफ्रंट से सी-प्लेन की उड़ान भरी थी। तब वह आकर्षण का केंद्र बन गए थे।
उनकी अगुवाई में ही सरकार ने 'उड़ान योजना' के तहत क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने के लिए 16 सी-प्लेन मार्गों की पहचान कराई थी। इन 16 मार्गों में साबरमती और सरदार सरोवर वाला रूट भी शामिल था। यह मार्ग ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' को हवाई मार्ग से जोड़ेगा।

दोनों सरकारों ने मिलकर शुरू कराया
गुजरात सरकार ने इस साल जुलाई में सीप्लेन सेवा के लिए क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत चार जल एयरोड्रमों के निर्माण के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के साथ त्रिपक्षीय समझौते में एक प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। केंद्रीय पोत-परिवहन राज्यमंत्री मनसुख मंडाविया ने सागरमाला डवलपमेन्ट कंपनी लिमिटेड (एसडीसीएल) और इनलैण्ड वॉटरवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (आईडबल्यूएआई) को साबरमती रिवरफ्रंट पर और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के बीच यह सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए थे।
मांडविया ने कहा था कि, अगर सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो सेवा की शुरुआत 31 अक्तूबर को हो जाएगी। उनकी बात सच साबित हुई। अब लोग इसी अक्टूबर से ही इसका मजा ले सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications