'कोरोना के बहाने पति नहीं ले जा रहा मुझे घुमाने', अदालत में आए छोटी-छोटी बातों के ऐसे झगड़े
अहमदाबाद। कोरोना काल के दौरान गुजरात में छोटी-छोटी बातों हुए झगड़े अदालत के द्वार पहुंच रहे हैं। पति-पत्नी के कुछ मामलों में तो नौबत तलाक तक पहुंच गई है। फैमिली कोर्ट एवं हेल्पलाइन कर्मियों के मुताबिक, महामारी के इस दौर में हाल यह हो गया है कि किसी पति द्वारा पत्नी को घूमने-फिरने नहीं ले जाने के कारण मारपीट हो जा रही है। घरेलू हिंसा के मामले बढ़ रहे हैं। इन्हें निपटवाने के लिए कोर्ट और हेल्पलाइन ऐसे दंपतियों की काउंसिलिंग कर रही हैं।

कोरोना काल में सामने आ रहे ऐसे मामले
संवाददाता ने बताया कि, सूबे में पति-पत्नी के बीच छोटी-मोटी बातों पर हुए विवाद की सरकार की हेल्पलाइन, फैमिली कोर्ट में रोजाना दर्जनों शिकायतें दर्ज हो रही हैं। जैसे- गर्मी की छुटि्टयों के बाद दीवाली पर घुमाने नहीं ले जाने पर भी कई महिलाएं आक्रोशित हो उठीं और मारपीट हो गई। मामला कोर्ट पहुंच गया। इसी तरह एक शख्स बीवी को हनीमून पर नहीं ले गया तो उसने तलाक मांग लिया।

अमीर घराने के पति-पत्नी विदेश यात्रा पर भिड़े
इस तरह का एक मामला विदेश के टूर का है। फ्लाइट बंद होने के कारण विदेश नहीं जा पाए, तो पत्नी ने पति की शिकायत कर दी। यहां अहमदाबाद के एक अति समृद्ध परिवार से ताल्लुक रखने वाले पति और पत्नी के बीच लंबे समय से विदेश घूमने जाने की बात पर झगड़ा चल रहा है। गर्मी में कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण फ्लाइट बंद होने से दोनों का अंडमान द्वीप जाने का कार्यक्रम रद्द हुआ था। उसके बाद से ही दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था। आखिर पति ने पत्नी को वादा किया था कि दीवाली की छुटि्टयों में वह उसे हर हाल में विदेश ले जाएगा। फ्लाइट शुरू नहीं होने से बुकिंग नहीं हुई तो झगड़ा फिर बढ़ गया। पत्नी ने हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करवा दी। दोनों के परिजन अब समाधान की कोशिश में लगे हैं।

बस इस एक वजह से पत्नी पर उठा दिया हाथ, हो गई शिकायत
इधर, अहमदाबाद की पॉश कॉलोनी का निवासी युवक ज्वेलरी शॉप चलाता हैं। उनकी पत्नी ने हेल्पलाइन में शिकायत की कि उनके पति ने उन पर हाथ उठाया। इस पर पति ने हेल्पलाइन में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि, कोरोना के कारण हुए लंबे लॉकडाउन से उनका पूरा सीजन खराब हुआ था। ऐसे में उन्हें यह उम्मीद थी कि इस दीवाली में थोड़ी कमाई हो जाएगी तो कुछ तो राहत मिलेगी। लेकिन पत्नी जिद पर अड़ी है कि, दिवाली में उसे हर हाल में घूमने जाना है। इस बात पर पत्नी आधी रात झगड़ने लगी जिससे नहीं चाहते हुए भी मेरा हाथ उठ गया।

हनीमून पर नहीं ले गया तो पत्नी ने मांगा तलाक
ऐसे ही और एक केस में इसनपुर में रहने वाली युवती की शादी फरवरी में एक युवक से हुई थी। युवक एक आईटी कंपनी में नई नौकरी में लगा हुआ था। लेकिन लॉकडाउन के बाद उसकी तनख्वाह में कटौती होने के कारण दोनों शादी के बाद घूमने नहीं जा पाए। पत्नी हनीमून पर जाना चाहती थी, लेकिन पति ने वेतन कटौती के कारण बाहर घूमने नहीं जाने के लिए उसे समझाने का प्रयास किया। इस पर पत्नी को लगा कि, शादी की शुरुआत में ही पति बहाने बाजी कर रहा है। दोनों के बीच झगड़ा बढ़ा तो पत्नी न् सर्फ मायके चली गई, बल्कि तलाक भी मांगा। हालांकि, अब वकील सुलह की कोशिश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications