Gujarat: RTI एक्टिविस्ट को खनन माफिया ने कार से कुचला, गंभीर रूप से घायल, बेटे की मौत
Gujarat के कच्छ में एक आरटीआई एक्टिविस्ट रमेश बालिया पर एक खनन माफिया द्वारा जानलेवा हमला किया गया। जिसमें एक्टिविस्ट गंभीर तौर पर घायल हो गए। जबकि 24 साल के उनके बेटे की मौत हो गई। आरटीआई एक्टिविस्ट ने हाल ही में अवैध बालू खनन माफिया के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना तीन अक्टूबर की है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसयूवी कार से स्कूटर को मारी टक्कर
पुलिस ने बताया कि लखपत तहसील के मेघपार गांव के रहने वाले आरटीआई कार्यकर्ता रमेश बलिया ने नवलसिंह जडेजा के खिलाफ अवैध बालू खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। तीन अक्टूबर को शाम करीब साढ़े छह बजे जब बलिया और उनका बेटा नरेंद्र दयापार गांव से घर लौट रहे थे तो जडेजा ने एसयूवी कार से उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और उन्हें कुचलकर फरार हो गया।
एक्टिविस्ट एक दलित नेता भी है
नारा पुलिस थाने के निरीक्षक एस.ए. माहेश्वरी ने कहा कि नरेंद्र बलिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता को इलाज के लिए भुज के एक अस्पताल में ले जाया गया। रमेश बालिया एक स्थानीय दलित नेता हैं। उन्होंने कहा कि जडेजा के खिलाफ कथित हत्या के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गांव वाले पहले भी कर चुके थे माफिया के खिलाफ शिकायत
जख्मी रमेश बलिया को आसपास के गांव वालों ने अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल रमेश बलिया का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने रमेश बलिया के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर नवलसिंह जडेजा को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले भी कई जागरूक ग्रामीण कच्छ में अवैध खनन की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक खनन माफिया के खिलाफ कोई ठोस कदम प्रशासन ने नहीं उठाया है।
स्थानीय अपराध शाखा की एक टीम ने घटना के एक दिन बाद जडेजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि अदालत ने उसे 5 अक्टूबर को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उन्होंने कहा कि जडेजा पर जमीन हड़पने का भी आरोप है और आगे की जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications